आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बुधवार एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लाटी मुख्यालय से पंचौंड होते हुए ऊधमपुर जा रही बस गुल्ली गला इलाके में अनियंत्रित होकर करीब सौ फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला और मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बस संख्या जेके02एएल -3477 बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 7:30 बजे गुल्ली गला के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ये स्थान लाटी मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर और पंचौंड से लगभग पांच किलोमीटर दूर बताया गया है। हादसे के बाद आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को निजी वाहनों की मदद से उपजिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने 17 लोगों को खाई से निकालकर बसंतगढ़ पीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें रामनगर अस्पताल शिफ्ट किया गया। वहीं 25 वर्षीय सुनीता और छह वर्षीय तक्षिका ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल
पूर्व सरपंच हंस राज के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर सड़क की हालत काफी खराब है। शुरुआती तौर पर सड़क की खराब स्थिति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्य में जुटे हैं।




















