संजय सिंह का भाजपा पर हमला, पूछा चंपत राय व अनिल मिश्रा की क्यों नहीं हुई गिरफ्तारी

संजय सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते संजय सिंह।

आरयू ब्यूरो, अयोध्या/लखनऊ। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। संजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण, जमीन और भगवान राम के नाम पर चढ़ावे से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही सवाल किया कि इन मामलों में चंपत राय और अनिल मिश्रा के खिलाफ गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में पहुंचे संजय सिंह ने भाजपा नेताओं से पूछा, टॉपर नौजवानों को छह हजार की भीख, अपने बच्‍चों से कराएंगे यह नौकरी

शनिवार को अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचने पर संजय सिंह का आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान संजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है।

आरोपों की होनी चाहिए निष्पक्ष जांच

राम मंदिर निर्माण, जमीन की खरीद और आभूषणों से संबंधित मामलों में अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए संजय सिंह ने चंपत राय और अनिल मिश्रा की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल किया। साथ ही कहा कि आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। आप सांसद ने राम मंदिर और भगवान श्रीराम के नाम पर प्राप्त चढ़ावे से जुड़े मामलों में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। साथ ही भाजपा सरकार से इन मामलों में जवाब देने की मांग की।

मतदाता सूची में गड़बड़ी का भी आरोप

इस दौरान संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए। दावा किया कि मतदाता सूची में बिना संबंधित लोगों की जानकारी के 13 लाख नाम जोड़ दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने ऑटो- जेनरेटेड फॉर्म-7 के माध्यम से 85,854 मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया। आप सांसद के मुताबिक, नाम काटे जाने की इस प्रक्रिया से प्रभावित लोगों में 90 प्रतिशत अल्पसंख्यक समुदाय के थे। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मामलों की जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें- नफरत की राजनीति, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के विरोध में पूरे यूपी में यात्रा निकालेगी AAP, संजय सिंह ने किया ऐलान