आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानपरिषद् की 11 सीटों के चुनावी नतीजे पर यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने प्रतिक्रिया दी है। सपा के आरोपों पर जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि जिन सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है, वहां भाजपा मंथन करेगी। साथ ही कहा कि जिन सीटों पर सपा का खाता नहीं खुलना चाहिए था, वहां भी पार्टी जीत गई है अगर धांधली होती तो सपा खाता नहीं खोल पाती।
केशव मौर्या ने कहा कि एमएलसी चुनाव बहुत योग्य और शिक्षित लोगों के मताधिकार के आधार पर होता है। भारतीय जनता पार्टी ने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराया है। हम लोग और अधिक सीटें जीतने की अपेक्षा कर रहे थे, लेकिन उतनी सीटें नहीं मिल पाई हैं। साथ ही कहा कि इसे भी देखेंगे कि समाजवादी पार्टी का खाता वहां कैसे खुल गया, जहां नहीं खुलना चाहिए था।
आगे कहा कि इस पर विचार करेंगे और आगे जब चुनाव होंगे तो उनमें भाजपा फिर से जीते, इसके लिए कोशिश करेंगे। डिप्टी सीएम ने सपा के आरोपों पर कहा कि धांधली होती तो सपा खाता नहीं खोल पाती, हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं। 2027 चुनाव में बीजेपी का कमल खिलेगा।
यह भी पढ़ें- यूपी MLC चुनाव की वोटिंग खत्म, लखनऊ में दोनों का मतदान प्रतिशत मंडलीय औसत से कम
बता दें राज्य निर्वाचन अधिकारी ने 28 अक्टूबर, बुधवार को बताया कि घोषित परिणामों के अनुसार, मेरठ स्नातक क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक क्षेत्र से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ शिक्षक क्षेत्र से बीजेपी के श्रीचंद शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र से भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने जीत हासिल की है।
यह भी पढ़ें- तीन महीने में कराएं पंचायत चुनाव, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिया योगी सरकार को आदेश




















