आरयू ब्यूरो, लखनऊ। एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ दौरे पर हैं।
बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में कहा कि यूपी में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और सत्ता में वापसी के बाद राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। साथ ही शाह ने कहा कि कई प्रदेशों में यूसीसी लागू हो चुका है, उत्तर प्रदेश में आप तीसरी बार भाजपा सरकार बना दो, इसे यहां भी हम लागू करेंगे।
यह भी पढ़ें- साबरमती की पटरी पर दौड़ी देश की पहली LNG ट्रेन, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी
इस दौरान अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें चुनाव आयोग को लेकर कोई सवाल है तो वे विधानसभा के विशेष सत्र में इस पर चर्चा कर सकते हैं। बीजेपी इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। अमित शाह ने विपक्ष पर चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग को दोष देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव हारता है तो अंपायर पर सवाल उठाने लगता है।
30 साल तक किसी दूसरी सरकार के सत्ता में आने की संभावना नहीं
गृह मंत्री ने गुजरात, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश और असम का जिक्र करते हुए कहा कि इन राज्यों में भाजपा कई बार सत्ता में आ चुकी है। “अब अखिलेश बाबू, यूपी की बारी है।”‘ साथ ही दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी के साथ है और राज्य में लंबे समय तक पार्टी की सरकार रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगले 30 साल तक किसी दूसरी सरकार के सत्ता में आने की संभावना नहीं है।
यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर
उन्होंने कहा कि पूरे देश में भगवा दिखाई दे रहा है। अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी तीन बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं और अगर इसी तरह काम होता रहा तो वे चौथी बार भी प्रधानमंत्री बन सकते हैं। शाह ने कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई नहीं हिला सकता। पार्टी एक बार फिर राज्य में सरकार बनाने जा रही है और इसमें कोई दुविधा नहीं है। उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं और जनता के भरोसे के आधार पर वह यह दावा कर रहे हैं।
‘हमने राम मंदिर बना दिया’
30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में राम भक्तों पर हुई पुलिस फायरिंग का जिक्र करते हुए अमित शाह ने विपक्ष पर हमला बोला। साथ ही कहा कि आज ही के दिन राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने सवाल किया कि जो लोग राम भक्तों पर गोली चलवाने वाली सरकार के साथ थे, वे किस मुंह से दोबारा सरकार बनाने की बात करते हैं। “आपने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, हमने राम मंदिर बना दिया।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता विपक्ष को कभी माफ नहीं करेगी। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था।




















