महंगाई का झटका, मदर डेयरी का दूध चार रुपये तक महंगा

मदर डेयरी

आरयू वेब टीम। महंगाई की मार झेल रही जनता की जेब पर अब दूध की कीमतों में बढ़ोतरी ने बोझ बढ़ा दिया है। मदर डेयरी ने 12 नवंबर से दूध के दाम दो से चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसका सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। नई कीमतें लागू होने के बाद फुल क्रीम से लेकर टोन्ड और डबल टोन्ड दूध तक सभी प्रमुख वैरायटी पहले के मुकाबले महंगी मिलेंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक मदर डेयरी का कहना है कि दूध की बिक्री से होने वाली कुल आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे दूध उत्पादक किसानों को दिया जाता है। ऐसे में खरीद लागत बढ़ने का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी की नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग किस्म के दूध की कीमतें इस तरह होंगी।

यह भी पढ़ें- महंगाई, पेपर लीक व फर्जी एनकाउंटर के खिलाफ सपाईयों ने निकाला बैलगाड़ी मार्च, सीएम योगी की कार्यप्रणाली पर उठाया सवाल

टोन्ड दूध (खुला): इसकी कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

फुल क्रीम दूध: अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

टोन्ड दूध (पैकेट): इसकी कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।

डबल टोन्ड दूध: अब 54 रुपये के बजाय 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

गाय का दूध: इसकी कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

इस बढ़ोतरी के बाद सबसे ज्यादा चार रुपये प्रति लीटर का इजाफा फुल क्रीम दूध में हुआ है। वहीं, गाय के दूध की कीमत में तीन रुपये और बाकी बताई गई वैरायटी में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।

दूसरी बार हुआ दाम में इजाफा

मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब करीब छह महीने बाद कंपनी ने एक बार फिर दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी की ओर से बताई गई वजह किसानों से दूध खरीदने की बढ़ती लागत है। इसका असर अब सीधे उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ सकता है।

अमूल ने भी बढ़ाए घी-बटर के दाम

दूध और डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अमूल के उत्पादों पर भी देखने को मिला है। अमूल ने आखिरी बार 14 मई 2026 को दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। वहीं, दिवाली से पहले कंपनी ने घी की कीमत में 40 से 50 रुपये प्रति लीटर और 500 ग्राम वाले टेबल बटर पैक के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी की थी। अमूल ने भी कीमतों में इस इजाफे के पीछे दूध उत्पादन की बढ़ती लागत और किसानों से दूध खरीदने की लागत में हुई बढ़ोतरी को वजह बताया था।

यह भी पढ़ें- महीने की शुरुआत के साथ लगा महंगाई का झटका, बढ़े LPG सिलेंडर के दाम