आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लगातार बढ़ती महंगाई, पेपर लीक के मामले व पुलिस के फर्जी एनकाउंटर के खिलाफ आज सपाईयों ने सूबे की राजधानी लखनऊ में बैलगाड़ी मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। सपा जिला कार्यालय कैसरबाग से निकाले गए इस मार्च के दौरान सपाईयों ने योगी सरकार व मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही कलेक्ट्रेट पर धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
आज जिला समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की प्रदेश व केंद्र सरकार को पेट्रोल, डीजल, गैस व खाद के बढ़ते दामों, पेपर लीक, के यूपी में महिला उत्पीड़न, फर्जी एनकाउंटर और लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ योगी सरकार को घेरा।
यह भी पढ़ें- सपा सांसद के बयान का विरोध कर अखिलेश ने कहा, PM के खिलाफ इस भाषा से सहमत नहीं, भाजपा नेताओं को भी घेरा
इस मौके पर जिलाध्यक्ष जय सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की मंशा और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जबसे उत्तर प्रदेश में भाजपा का कुशासन आया है तबसे आम जनता के हितों की परवाह किये बिना लगातार अप्रत्याशित रूप से डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस एवं खाद के दामों में बेतहासा वृद्धि की जा रही, जिससे प्रदेश के निम्न मध्यम वर्ग, मध्यम वर्ग के साथ सभी वर्गों को बढ़ती महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली की दरों में लगातार बढ़ोत्तरी
सपा नेता ने आगे कहा कि अलावा बढ़ती महंगाई से महिलाओं के घरों का बजट पूरी तरह से चरमरा गया है। किसी भी प्रतियोगी परीक्षा कराने में भाजपा सरकार में असफल है। महिलाओं का उत्पीड़न चरम सीमा पर है, आये दिन बच्चियों एवं महिलाओं का शोषण किया जाता है। खाद के दामों में बेतहाशा वृद्धि से देश व प्रदेश का किसान परेशान है। बिजली की दरों में लगातार बढ़ोत्तरी होने के कारण घरेलू खर्च बढ़ने के साथ ही छोटे व्यवसाय भी प्रभावित होते हैं एवं बिजली आपूर्ति भी सुचारू रूप से जनता को उपलब्ध नहीं करायी जा रही है। प्रदर्शन का संचालन जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान ने किया। इस दौरान सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहें।


















