जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ से लापता दो SPO के गोलियों से छलनी शव बरामद

जम्मू-कश्मीर
मृतक एसपीओ बाबी चंद और रशपाल कुमार।

आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के  दच्चन से लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव गुरुवार को बरामद कर लिए गए हैं। एसपीओ के शरीर पर गोलियों के निशान थे। इससे घटना में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने अभी किसी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं की है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियार नहीं मिले हैं, जिससे घटना में संभावित आतंकी संलिप्तता का संदेह गहरा गया है। मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ मे मार गिराया लश्कर का कमांडर

दोनों बुधवार को अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की एक चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद से ही पुलिस और सेना ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था। जिनके शव आज तड़के बरामद हुए हैं।

बता दें कि श्रीनगर के साथ सटे गांदरबल में बुधवार की रात आतंकियों के एक दल को देखे जाने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षाबलों ने आतंकियों का ठिकाना होने के संदेह में कई जगह तलाशी भी ली।

यह भी पढ़ें- बडगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किया आतंकी, हथियार बरामद