आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नियुक्ति न मिलने से लंबे समय से इंतजार कर रहे यूपी में नेत्र परीक्षण अधिकारी पद पर चयनित अभ्यर्थियों का नियुक्ति के लिए इंतजार लंबा होता जा रहा है। वही अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) से अंतिम चयन परिणाम जारी हुए करीब 11 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अभ्यर्थियों के हाथ नियुक्ति पत्र नहीं पहुंचे हैं। इस लंबे इंतजार और अनिश्चितता से नाराज चयनित अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। इसके विरोध में शुक्रवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लखनऊ स्थित स्वास्थ्य भवन पहुंचे और नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग कर प्रदर्शन किया।
स्वास्थ्य भवन पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी विभाग की ओर से नियुक्ति को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हम लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हर बार आश्वासन तो मिलता है, लेकिन नियुक्ति पत्र जारी होने की तारीख स्पष्ट नहीं की जा रही है। साथ ही अभ्यर्थियों ने बताया कि वे अपनी नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से भी कई बार गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि 11 महीने का इंतजार अब मुश्किल होता जा रहा है। सरकार और विभाग को उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द नियुक्ति की समयसीमा घोषित करनी चाहिए। इस दौरान राजकीय ऑप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश पाटिल और प्रदेश महासचिव रवीन्द्र यादव ने भी चयनित अभ्यर्थियों के समर्थन में नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे चयनित अभ्यर्थियों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विभाग को बिना देरी किए नियुक्ति पत्र जारी करने चाहिए, ताकि चयनित अभ्यर्थी अपनी सेवाएं शुरू कर सकें।


















