ट्रेन हादसे को लेकर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल, मची अफरा-तफरी

माॅक ड्रिल
माॅक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू करती टीम।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को अचानक सायरन बजा तो प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई। हर कोई इस बात को लेकर परेशान था कि क्या कहीं कुछ हादसा हो गया, हालांकि कुछ देर में पता चला कि ये कोई सच्ची नहीं, बल्कि रेलवे की ओर से आयोजित एक बड़ी मॉक ड्रिल है। रेलवे प्रशासन ने अपनी आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए ये अभ्यास करता है।

दरअसल वाराणसी कैंट यार्ड के पास एक पैसेंजर ट्रेन का एक कोच पटरी से उतर गया। ट्रेन में 30 से अधिक यात्री फंसे हैं। सूचना पर सबसे पहले स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। हालांकि यात्रियों को इसकी जानकारी न होने प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं पांच मिनट के अंदर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे की मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एनडीआरएस की 11वीं बटालियन, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

रेस्क्यू टीम ने कटर से कोच को काटकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को स्ट्रेचर पर लादकर प्लेटफार्म पर बनाए गए अस्थाई अस्पताल तक पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम पहले से मौजूद थी। गंभीर रूप से घायल बताए गए पांच यात्रियों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इस दौरान दमकल की गाड़ियों ने 15 मिनट में आग पर काबू पाया। रेलवे के अधिकारियों ने यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया, जहां से उन्हें पल-पल की जानकारी दी जा रही।

यह भी पढ़ें- रेलवे चलाएगा यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेंने, देखें पूरा शेड्यूल

अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी बड़े हादसे के समय सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बैठाना है, ताकि जान-माल का नुकसान कम से कम हो। साथ ही कहा कि वाराणसी से रोजाना 300 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं और रोज लाखों यात्री यात्रा करते हैं, ऐसे में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। करीब दो घंटे चली इस माॅक ड्रिल के बाद अधिकारियों ने समीक्षा बैठक की।

यह भी पढ़ें- रेलवे खत्म करेगा RAC सिस्टम, एक बर्थ पर दो यात्री को नहीं पड़ेगा बैठना!