जयंती पर मुलायम सिंह के संकल्‍पों को दोहरा अखिलेश ने किया यश भारती सम्‍मान में एक लाख देने का ऐलान

मुलायम सिंह
मुलायम सिंह की फोटो पर पुष्प अर्पित करते अखिलेश यादव साथ में शिवपाल यादव व अन्य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलयाम सिंह यादव की जन्म जयंती के मौके पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में सुदंरकांड का आयोजन किया गया। जिसमें अखिलेश यादव ने अपने पिता को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही कार्यालय में पिता मुलायम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और कई बच्चों को लैपटॉप व स्कूल बैग देते हुए पिता के संकल्पों को दोहराने का प्रण लिया।

कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह के संकल्पों को दोहराने का प्रण लिया। उन्होंने पिता से मिली सीख का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सिखाया कि अगर कोई किसी वजह या दबाव के चलते आपके खिलाफ हो जाए तब भी सच्चे मन से, निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाना। वहीं भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि ये सरकार ऐसी है, जो देगी कम और छीनेगी ज्यादा।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, फार्म-6 की गड़बड़ी पर भ्रष्‍ट अफसर जाएंगे जेल, कोई भाजपाई नहीं आएगा बचाने

इस दौरान सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए सपा उन लोगों को मनाने का काम करेगी, जो रूठे हुए हैं। जो लोग साथ छूट गए हैं, उन्हें भी साथ लाने का काम किया जाएगा। आगे कहा कि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिन्हें अच्छी चीज पसंद नहीं आती। कुछ लोगों के हाथ में विकास की रेखा होती है, जबकि कुछ लोगों के हाथ में विनाश की रेखा होती है।

यश भारती सम्मान राशि बढ़ाकर करेंगे एक लाख

इस दौरान अखिलेश यादव ने पुन: यश भारती सम्मान देने की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग किसी भी क्षेत्र में अच्छा काम करते थे तो नेताजी यश भारती सम्मान के माध्यम से उनका सम्मान करते थे। वर्तमान सरकार ने इस योजना को बंद किया है। 2027 में सरकार बनने जा रही है, पुनः यश भारती सम्मान देने का काम होगा। पहले 50 हजार रुपये हमारी सरकार में दिया जाता है, उसकी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी।

बंद स्कूल को फिर करेंगे शुरू

इस अवसर पर बच्चों को लैपटॉप देते सपा मुखिया ने कहा कि ये उस अभिनव स्कूल के बच्चे हैं जो समाजवादी पार्टी की सरकार में एक मॉडल स्कूल तैयार हुआ था। जिसे दस साल की सरकार ने सत्यानाश कर दिया। जसवंत नगर विधानसभा में जिन स्कूलों को बंद कर दिया है। सपा सरकार बनेगी तो वो स्कूल फिर से शुरू करेंगे।

यह भी पढ़ें- नेताओं को सपा में शामिल कर बोले अखिलेश, भाजपा छोड़ हमारे साथ आए लोग, अब कमल और जाएगा मुरझा