आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस चली। बुधवार को जारी सूची के अनुसार दस आइपीएस व 18 पीपीएस अधिकारियों समेत कुल 28 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जिनमें लखनऊ, आगरा, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के साथ कई जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। कुछ को पीएसी, एएनटीएफ, एटीएस, एसीओ, पीटीएस, यातायात निदेशालय और पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में भी तैनाती मिली है।
आइपीएस अफसरों की लिस्ट में 2020, 2021 और 2022 बैच के अफसर शामिल हैं। वहीं, पीपीएस अधिकारियों को जिलों में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), ग्रामीण, नगर, अपराध, यातायात और सुरक्षा समेत विभिन्न पदों पर तैनाती दी गई है।
इन आइपीएस के हुए तबादले
आइपीएस पुनीत द्विवेदी को पुलिस मुख्यालय से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। नीतू को वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट से गौतमबुद्धनगर, शिवा सिंह को कानपुर नगर से आगरा और अमित कुमावत को लखनऊ से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है।इसी तरह किरण यादव को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट से एएनटीएफ मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) बनाया गया है। पुष्कर वर्मा को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट से फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 11 PCS अफसरों का तबादला, संजय कुमार बनें अपर नगर आयुक्त लखनऊ नगर निगम
वहीं आदित्य को आगरा से बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनाया गया है। शैव्या गोयल को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है। भवरे दीक्षा अरुण को शाहजहांपुर से मेरठ पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, माविस टॉक को सोनभद्र से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।





















