आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी को पंजाब में झटका लगा है। यहां की खरड़ विधानसभा सीट से विधायक अनमोल गगन मान ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने राजनीति से भी पूरी तरह संन्यास लेने का ऐलान भी किया है।
इसकी जानकारी गगन मान ने फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए दी है। जिसमें कहा कि, मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से स्पीकर को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएं पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगी। अनमोल गगन मान एक भारतीय राजनीतिज्ञ, पंजाब सरकार में मंत्री और पंजाबी गायिका हैं।
यह भी पढ़ें- केजरीवाल से मीटिंग कर बोले भगवंत मान, पंजाब को ऐसा मॉडल बनाएंगे कि देखेगा पूरा देश
अनमोल गगन मान ने आम आदमी पार्टी से राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। साल 2022 के चुनाव में वह पहली बार खरड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनकर आईं थीं। पहले वह मान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रही हैं उस दौरान उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन, श्रम एवं आतिथ्य विभाग का कार्यभार संभाला था, लेकिन मान सरकार ने 23 सितंबर, 2024 को उन्हें कैबिनेट पद से हटा दिया था। सीएम मान ने उस समय चार मंत्रियों को पद से हटाया था। राजनीति में आने से पहले एक पंजाबी सिंगर थीं।
यह भी पढ़ें- झुग्गियां गिराने के विरोध में आप नेताओं ने जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन, केजरीवाल ने बोला भाजपा सरकार पर हमला
अनमोल गगन मान का जन्म 1990 में मानसा में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई चंडीगढ़ से की है। इसके बाद उन्होंने पहले मॉडलिंग और फिर सिंगिंग में अपना करियर बनाया। पिछले साल जून में उन्होंने एडवोकेट शाहबाज सोही से शादी की थी।




















