राज कपूर के बेटे व एक्‍टर राजीव कपूर का निधन

राजीव कपूर का निधन
राजीव कपूर। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर और रणधीर कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का 58 साल की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया। बॉलीवुड के शोमैन कहे जाने वाले राज कपूर के सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर का निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। राजीव कपूर की निधन की खबर के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार राजीव कपूर को आज अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके कारण रणधीर कपूर ने उन्‍हें चैंबूर स्थित इनलैक्स अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने राजीव कपूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं ऋषि कपूर की पत्नी और राजीव कपूर की भाभी नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करके शोक व्यक्त किया। उधर रणधीर कपूर ने भाई राजीव कपूर के निधन की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया, “मैंने अपने सबसे छोटे भाई राजीव को खो दिया है। वह अब नहीं है। डॉक्टरों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन उसे बचा नहीं सके।

कपूर खानदान में पिछले साल चिंटू के नाम से मशहूर ऋषि कपूर के निधन से अभी परिवार उबरा नहीं था कि राजीव कपूर की मौत ने उसे गमजदा कर दिया है। कपूर खानदान में गम का माहौल है और बॉलीवुड में भी ये खबर तेजी से फैली जिसके बाद बॉलीवुड सेलेब शोक व्यक्त कर रहे हैं। बॉलीवुड में अपने उपनाम चिम्पू से जाने जाने वाले राजीव ने राजकपूर की 1985 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ में मंदाकिनी की सह-भूमिका से फेमस हुए थे।

यह भी पढ़ें- जानें माने अभिनेता आसिफ बसरा ने की आत्‍महत्‍या, बॉलीवुड में शोक की लहर

राजकपूर ने अपने सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर के लिए ‘राम तेरी गंगा मैली’ जैसी शानदार फिल्म बनाई थी। इस फिल्म से राजीव कपूर घर-घर में फेमस हो गए थे। इसके बाद उनकी कई फिल्में जैसे एक जान है हम, प्रेम ग्रंथ, हम तो चले परदेश, शुक्रिया आई थी।

बता दें कि राजकपूर के तीनों बेटे बॉलीवुड में लॉन्च हुए थे। ऋषि कपूर बेहद कामयाब रहे, रणधीर कपूर भी खूब हिट हुए और राजीव कपूर को भी कई अच्छी फिल्में मिली। उनकी फिल्म राम तेरी गंगा मैली के बाद हालांकि वो कई फिल्मों में नजर आए, लेकिन राम तेरी गंगा मैली जैसी सफलता किसी और फिल्म में नहीं मिल पाई।

यह भी पढ़ें- 24 घंटे में बॉलीवुड को दूसरी बड़ी क्षति, अब ऋषि कपूर ने दुनिया को कहा अलविदा