बॉम्बे हाई कोर्ट से सलमान खान को बड़ी राहत, नहीं लगानी पड़ेगी हाजिरी

सलमान खान को हाजिरी

आरयू वेब टीम। हाल ही में गैंगस्टर द्वारा बॉलीवुड स्टार सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई। वहीं अब सलमान खान को एक मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट से गुरुवार को बड़ी राहत मिली है। यह राहत उन्हें उस मामले में मिली है जिसमें पत्रकार ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे।

दरअसल, सलमान खान के खिलाफ 2019 में पत्रकार अशोक पांडे ने मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कराई थी। जिसके बाद उन्हें अंधेरी कोर्ट के आदेश अनुसार वहां हाजिरी लगानी होती थी, लेकिन अब हाई कोर्ट ने आदेश दिया है कि सलमान को अंधेरी कोर्ट में हाजिरी नहीं लगानी पड़ेगी।

बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार, अंधेरी कोर्ट द्वारा जारी किए गए समन को भी हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया है। साथ ही आदेश में कहा गया है कि सलमान के खिलाफ दर्ज एफआइआर भी रद्द की जाए। जाहिर है कि धमकी मिलने के बाद परेशानी के दौर से गुजरने वाले सलमान के लिए यह आदेश राहत भरा है।

यह भी पढ़ें- पुलिस के हत्‍थे चढ़ा लॉरेंस बिश्‍नोई के इशारे पर सलमान खान की रेकी करने वाला कपिल

बता दें कि पत्रकार अशोक पांडे ने सलमान के खिलाफ मारपीट करने की  एफआइआर दर्ज कराई थी। यह तब हुआ जब सलमान खान साइकलिंग के लिए निकले थे और पत्रकार उनका वीडियो बना रहा था। सलमान और उनके बॉडीगार्ड ने कथित रूप से पत्रकार का मोबाइल छीन लिया था।

इस मामले में 2019 में अंधेरी मैजिस्ट्रेट कोर्ट ने सलमान खान को पत्रकार की शिकायत पर समन भेजा था। इस पर सलमान खान ने हाई कोर्ट का रुख किया था। पिछले साल बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस मामले में सलमान को राहत देते हुए समन पर रोक लगा दी थी।

यह भी पढ़ें- डैशिंग लुक के साथ Video शेयर कर सलमान खान ने फिल्म के टाइटल से उठाया पर्दा