पुलिस के हत्‍थे चढ़ा लॉरेंस बिश्‍नोई के इशारे पर सलमान खान की रेकी करने वाला कपिल

सलमान खान की रेकी

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड स्‍टार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दिए जाने के काफी दिनों बाद पुलिस के हाथ सफलता लगी है। दरअसल, पुलिस ने सलमान खान की रेकी करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। सलमान खान की रेकी तीन लोगों ने मिलकर की थी जिसमें से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की।

पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि, ‘गिरफ्तार आरोपितों में से एक कपिल पंडित ने पूछताछ के दौरान कहा कि उसने सचिन बिश्नोई और संतोष यादव के साथ मिलकर लॉरेंस बिश्नोई के निर्देश पर सलमान खान को निशाना बनाने के लिए मुंबई में रेकी की थी। हम उनसे भी पूछताछ करेंगे।’

पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने अपने बयान में कहा है कि, ‘मूसेवाला हत्याकांड मामले में हमने कल तीन गिरफ्तारियां की हैं। दीपक मुंडी समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई है। दरअसल, ये गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एंजेंसियों की मदद से हुई है। इस मामले में गोल्डी बराड़ मास्टर माइंड है।’

डीजीपी गौरव यादव ने आगे कहा कि, ‘कपिल नाम के शख्स ने इसे नेपाल में शरण दी थी। इनका प्लान ये था कि दीपक मुंडी को दुबई भेज दिया जाए। कपिल पंडित ने ही सलमान खान की भी रेकी की थी।

यह भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग से हत्‍या की धमकी के बाद सलमान खान को मिला आर्म्स लाइसेंस

मनप्रीत भाऊ और मनप्रीत मन्ना की गिरफ्तारी के बाद ही हमें इसके बारे में सबसे पहले इनपुट मिला था। विदेश में बैठे सभी आरोपितों को पकड़ने की हम कोशिश कर रहे हैं। अब तक इस मामले में कुल 23 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।’

बता दें कि, सलमान खान को जान से मारे जाने की धमकी मिलने के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखने के लाइसेंस के लिए अप्लाई किया था और उन्हें लाइसेंस दे दिया गया। इस वक्त लॉरेंस बिश्नोई  दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। दिल्ली पुलिस ने जब लॉरेंस बिश्नोई से सलमान खान को दी जाने वाली धमकी भरे लेटर के बारे में पूछा था तो वो साफ तौर पर इससे मुकर गया था।

यह भी पढ़ें- सलमान खान को बड़ी राहत, काला हिरण शिकार से जुड़े मामलों की अब हाई कोर्ट में होगी सुनवाई