24 घंटे में बॉलीवुड को दूसरी बड़ी क्षति, अब ऋषि कपूर ने दुनिया को कहा अलविदा

ऋषि कपूर

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड के लिए लगातार दो दिन किसी बड़ी क्षति से कम नहीं है। लोग अभी बॉलीवुड एक्टर इरफान खान के निधन की खबर से उभरे भी नहीं थे कि बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर का गुरुवार को 67 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। ऋषि कपूर ने आज सुबह पौने नौ बजे अंतिम सांस ली। अभिनेता की मौत की खबर से बॉलीवुड जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

ऋषि कपूर को बुधवार रात सांस लेने में परेशानी के कारण मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। सुबह अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर जानकारी दी कि ऋषि कपूर का निधन हो गया है और इस खबर से मैं टूट चुका हूं। इस खबर की पुष्टि करते हुए ऋषि कपूर के भाई रणधीर कपूर ने भी कहा कि ऋषि हमारे बीच नहीं रहे। उनके आखिर वक्त में उनकी पत्‍नी नीतू कपूर उनके साथ ही रहीं। वहीं, उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर ने सरकार से दिल्ली से मुंबई तक की यात्रा की इजाजत मांगी है। लॉकडाउन की वजह से फिलहाल वह दिल्ली में ही फंसी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे बॉलीवुड एक्‍टर इरफान खान, चार दिन पहले मां ने भी छोड़ी थी दुनियां

ऋषि कपूर के परिवार की ओर से दिए गए ऑफ़िशियल स्टेटमेंट के मुताबिक, ऋषि कपूर ने गुरुवार को सुबह 8:45 मिनट पर इस दुनिया को अलविदा कहा। इसमें बताया गया कि ऋषि कपूर पिछले दो साल से ल्यूकेमिया से पीड़ित थे। वह हंसते हुए और लोगों को हंसाते हुए इस दुनिया का साथ छोड़ा। इस बयान में लॉकडाउन की वजह से भीड़ इकठ्ठा ना होने की भी बात कही गई है। लोग से अपील की गई है कि वह नियम का पालन करें, जो इस वक्त लागू है। वहीं एक्‍टर के निधन की खबर लगते ही बॉलीवुड, राजनेता सहित फैंस ऋषि कपूर को सोशल मीडिया के माध्‍यम से श्रद्धांजली दे रहे हैं।

उन्हें साल 2018 में पता चला था कि वह कैंसर से पीड़ित हैं। इसके बाद वह अपने इलाज के लिए न्यूयॉर्क गए थे और पिछले साल सितंबर में ही न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर का इलाज करवाने के बाद भारत लौटे थे।

बता दें कि ऋषि कपूर का जन्म चार सितंबर, 1952 को मुंबई के चेंबूर में हुआ। ऋषि कपूर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कैंपियन स्कूल, मुंबई से की। इसके बाद वह अजमेर के मेयो कॉलेज से आगे की पढ़ाई की। बतौर बाल कलाकर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की। वह फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में नजर आए

बतौर लीड एक्टर बॉबी उनकी पहली फिल्‍म थी। इस फिल्म को राज कपूर ने निर्देशित किया था। जिसके लिए उन्हें 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्‍मफेयर पुरस्कार मिला। वहीं, साल 2008 में ऋषि कपूर को फिल्म फेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी नवाजा गया।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे शोले के कालिया, दिल का दौरा पड़ने से निधन