नहीं रहे ”लगान” फेम जावेद अमरोही, 70 की उम्र में निधन

जावेद खान अमरोही
जावेद खान अमरोही।

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड में अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीतने वाले एक्टर जावेद खान अमरोही अब हमारे बीच नहीं रहे। 70 साल के जावेद ने मंगलवार को आखिरी सांस ली। जावेद लंबे समय से सांस की समस्या पीड़ित थे। उनके निधन की पुष्टी को-स्टार अखिलेंद्र मिश्रा ने की। वहीं एक्टर के निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार जावेद को लंबे वक्त से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके अलावा वह एक साल से बेड रिडन थे। सांताक्रूझ के सूर्य नर्सिंग होम में एडमिट थे, जहां उन्होंने दोपहर करीब एक बजे आखिरी सांस ली। जावेद के दोनों लंग्स फेल हो चुके थे। शाम के 6.30 बजे ओशिवारा कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

इससे पहले ‘लगान’ में उनके को-स्टार रहे अखिलेंद्र मिश्रा ने खबर को कंफर्म करते हुए कहा, “मैं और जावेद जी ईप्टा के एक वॉट्सऐप ग्रुप में साथ जुड़े हैं। उसी ग्रुप में उनकी डेथ की जानकारी मिली है। मुंबई के कांदीवली में वो अपने परिवार के साथ रहते थे। कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मेरा और जावेद जी का एक लंबा असोसिएशन रहा है।”

“हमने अपने करियर की शुरुआत भी लगभग एक साथ की थी। उनके साथ कई फिल्में की हैं और ईप्टा द्वारा भी हमने कई शोज किए हैं। मेरी आखिरी मुलाकात उनसे ईप्टा के फेस्टिवल में हुई थी। हमने बकरी, राक्षस, सफेद कुंडली जैसे नाटकों में हमने साथ काम किया है। वे बहुत ही जहीन किस्म के इंसान थे। हम तो उन्हें नॉलेज का भंडार मानते थे। हम एक्टर्स को ऐसी-ऐसी बातें बताते थे, जो हमें सीख दे जाती थी।”

यह भी पढ़ें- मशहूर गायिका वाणी जयराम का निधन, सिनेमा जगत में शोक की लहर

बता दें, जावेद, ‘लगान’, ‘वन्स अपॉन ए टाइम’, ‘अंदाज अपना-अपना’ और ‘चक दे इंडिया’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। जावेद खान को आखिरी बार साल 2020 में देखा गया था। फिल्म का नाम है ‘सड़क 2’। इस फिल्म में जावेद खान ने पाक्या का रोल अदा किया था। फिल्म में आलिया भट्ट, संजय दत्त और आदित्य रॉय कपूर भी लीड रोल में नजर आए थे। इसके अलावा जावेद खान अमरोही को कई टीवी शोज में भी देखा गया। साथ ही जावेद इप्टा (इंडियन पीपल्स थिएटर्स एसोसिएशन) के सक्रिय सदस्य भी थे।

यह भी पढ़ें- बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता नितिन मनमोहन का निधन, हार्ट अटैक के बाद धीरूभाई अंबानी अस्‍पताल में चला रहा था इलाज