एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने फांसी लगाकर दी जान, बॉलीवुड जगत में शोक की लहर

सुशांत सिंह राजपूत
सुशांत सिंह राजपूत। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। बॉलीवुड इंडस्ट्री से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने अपने बांद्रा स्थित घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। सुशांत के आत्महत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। इस खबर के बाद बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, वे पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे। सुशांत के नौकर ने पुलिस को उनके आत्महत्या की जानकारी दी। सुबह जब उनके कमरे के दरवाजे को  तोड़ा गया तो उनका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस नौकर और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। उनके इस कदम से बॉलीवुड सदमे में हैं। रितेश देशमुख, अक्षय कुमार सहित कई कलाकारों ने उनके निधन पर दुख जताया है।

सुशांत सिंह राजपूत ने ‘किस देश में है मेरा दिल’ नाम के डेली सोप में काम किया पर उनको पहचान एकता कपूर के धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। इसके बाद सुशांत को फिल्में भी मिलने लगीं।  फिल्म ‘काय पो छे’ से उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म के बाद उन्होंने ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ काम किया था।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे बॉलीवुड एक्‍टर इरफान खान, चार दिन पहले मां ने भी छोड़ी थी दुनियां

सुशांत सिंह राजपूत को सबसे ज्यादा सुर्खियां तब मिलीं जब उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक में काम किया था। इस फिल्म में उनके काम की जमकर सराहना हुई थी। सुशांत सिंह राजपूत को इसके बाद लगातार फिल्में मिलती गई। उनमें से ‘सोनचिड़िया’, ‘छिछोरे’ और ‘केदारनाथ’ जैसी फिल्में प्रमुख हैं।

सुशांत सिंह राजपूत  का जन्म बिहार के पटना में 21 जनवरी, 1986 को हुआ था। वो बिहार के ही पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। उनकी अगली फिल्म ‘चंदा मामा दूर के’ रिलीज होने वाली थी, लेकिन शूटिंग बजट के अभाव में रोक दी गई थी।

बता दें कि कुछ दिनों पहले ही सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान ने आत्महत्या की थी। सुशांत ने अपनी इंस्टा स्टोरी में दिशा को लेकर लिखा था, ‘ये बहुत दुखद खबर है। दिशा के परिवार और दोस्तों को मेरी सांत्वना। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।

यह भी पढ़ें- मशहूर सिंगर वाजिद खान का निधन, किया गया सुपुर्द-ए-खाक, हफ्ते भर पहले पाए गए थे कोरोना पॉजिटिव