एयर इंडिया की फ्लाइट में मृत मिला यात्री, लखनऊ एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

एयर इंडिया
स्ट्रेचर से मृत यात्री को ले जाते जवान।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली से उड़ान भरकर एक फ्लाइट लखनऊ उतरी, जहां लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। फ्लाइट के अंदर एक यात्री मृत पाया गया। सूचना पाकर एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने यात्री को फ्लाइट से उतारा। जांच में पता चला कि यात्री को हार्ट अटैक आया था। उसी के चलते यात्री की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह 8:10 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट AI2845 दिल्ली से लखनऊ पहुंची। जब फ्लाइट लखनऊ में लैंड हुई तो सभी यात्री उतर गए। बस वही यात्री नहीं उतरा। क्रू मेंबर्स ने उसे कहा कि सर फ्लाइट लैंड हो चुकी है। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसे हिलाया. तभी भी कोई जवाब नहीं मिला। उसकी सीट बेल्ट खोली गई, तो वो आगे की तरफ गिरा, इससे क्रू मेंबर्स को यह समझते देर न लगी कि कुछ तो गड़बड़ है। फ्लाइट में मौजूद डॉक्टर ने चेक किया तो पाया कि यात्री की सांसें थम चुकी हैं।

क्रू मेंबर ने तुरंत एयरपोर्ट प्रशासन व पुलिस को इसकी सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहां पता चला कि यात्री को उड़ान के बीच में ही हार्ट अटैक आ गया था। इस कारण उसकी नींद में ही जान चली गई। अन्य यात्रियों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। यानि एक मृत यात्री के साथ अन्य यात्री सफर करते रहे। यात्री की पहचान बिहार के गोपालगंज के 52 वर्षीय आसिफ उल्हा अंसारी के रूप में हुई है। एयर इंडिया ने अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं दिया है।

यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट पर फिर बिगड़ी लालू यादव की तबियत, एम्स के इमरजेंसी वार्ड में कराया गया भर्ती

इससे पहले भी 18 मार्च को लखनऊ एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट की ओर बढ़ रही एक महिला यात्री अचानक गिर पड़ी। आनन-फानन में उसको एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। वहां महिला की मौत हो गई। महिला इंडिगो की फ्लाइट से कर्नाटक जा रही थी, एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार बेंगलुरु जा रही महिला टर्मिनल-3 के ऊपर तल पर स्थित बोर्डिंग गेट के पास थी जब उसकी तबीयत बिगड़ी, एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत मेडिकल टीम को बुलाया। उसकी जान बचाने के लिए तुरंत मेडिकल टीम ने सीपीआर दिया। एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस में अस्पताल भेजा गया। लोकबंधु अस्पताल में महिला की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें- मुंबई जा रही फ्लाइट में बिगड़ी यात्री की तबियत, वाराणसी एयरपोर्ट पर करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, हुई महिला की मौत