आरयू संवाददाता, कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार को पुलिस लाइन के पीछे हाइवे के पास अचानक एक एयरक्राफ्ट क्रैश हुआ है। हाइवे पर लोगों ने यूं अचानक एक विमान को गिरते देखा तो वे बुरी तरह डर गए और इधर-उधर भागने लगे। उन्होंने घायल महिला पायलट को देखा। तब तक पुलिस भी वहां पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने महिला पायलट को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया। विमान क्यों और किन हालात में गिरा इसको लेकर जांच शुरू हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक आज शाम करीब चार बजे पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन हाईवे पर अलीगढ़ स्थित चेतक एविएशन का एक प्रशिक्षु (ट्रेनी) विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण उड़ान के दौरान विमान का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वह बिजली के तारों में उलझ गया और हाईवे पर जा गिरा। हादसे में विमान उड़ा रही महिला प्रशिक्षु पायलट घायल हो गईं। वह अकेले ही विमान को उड़ा रही थीं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू किया। उन्होंने घायल पायलट को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया जा रहा।
यह भी पढ़ें- भारतीय सेना का सुखोई Su-30MKI क्रैश, दोनों पायलट की मौत
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीमों ने जांच- पड़ताल शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। विमान हादसे के बाद तकनीकी जांच कराई जा रही है। दरअसल अलीगढ़ की धनीपुर हवाई पट्टी से ट्रेनी एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी थी।
एयरक्राफ्ट उड़ा रही 27 वर्षीय प्रशिक्षु महिला पायलट कायनात पुत्री कादर खान, निवासी मुंबई, गंभीर रूप से घायल हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कायनात को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, गंभीर घायल होने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।




















