आरयू वेब टीम। कल से सितंबर का महीना शुरू हो जाएगा। हर महीने की तरह सितंबर 2022 से भी देश में बहुत कुछ बदल जाएगा। जी हां, एक सितंबर 2022 से देश में कई नियम बदलने जा रहे हैं। इन नए नियमों का असर सीधे आपकी जेब पर पड़ेगा। नए नियमों में यमुना एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स, पीएम किसान योजना, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत, आदि से जुड़े बदालव शामिल हैं। आइए इन सबके बारे में विस्तार से जानते हैं।
पीएनबी कस्टमर आज ही कर लें ये काम
पंजाब नेशनल बैंक ने कई बार अपने ग्राहकों को 31 अगस्त 2022 तक केवाईसी (केवाइसी) की जानकारी अपडेट करने को कहा है। पीएसयू ऋणदाता ने चेतावनी दी है कि अगर ग्राहक इसी महीने तक केवाईसी अपडेट नहीं करते हैं, तो उनके बैंक अकाउंट पर प्रतिबंध लग सकता है। केवाईसी के लिए आपको पैन कार्ड, ताजा फोटो, आधार कार्ड या पासपोर्ट आदि की जरूरत होगी।
यमुना एक्सप्रेस वे पर बढ़ा टोल टैक्स
यमुना एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कल से टोल पर नई दरें लागू हो जाएंगी। कार, जीप और वैन के लिए नई दर 2.65 रुपये प्रति किलोमीटर की गई है। हल्के व्यवसायिक वाहन, हल्के माल या मिनी बस की दर 3.90 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 4.15 रुपये प्रति किलोमीटर और बस या ट्रक की दर 8.45 रुपये प्रति किलोमीटर की गई है। यमुना एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स बढ़ा, लेकिन दो पहिया वाहनों और किसानों के टैक्टरों को राहत।
गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि!
हर महीने की तरह सितंबर की पहली तारीख से भी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव हो सकता है। एक सितंबर 2022 को तेल विपणन कंपनियां रसोई गैस सिलेंडर और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम को रिवाइज कर सकती हैं। अगर हमेशा की तरह कीमतों में इजाफा किया जाता है, तो लोगों की जेब पर इसका बोझ और बढ़ जाएगा।
आज ही जमा कराएं केवाईसी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए केवाईसी की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2022 है। जिन किसानों को अपना ई-केवाईसी पूरा करना है, वे आज ही कर लें, वरना आपको 12वीं किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है।




















