आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को एक बार फिर वक्फ संशोधन विधेयक (वक्फ बिल) को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। साथ ही अखिलेश यादव ने भाजपा को सबसे बड़ी भू- माफिया पार्टी बताते हुए कहा कि सबसे ज्यादा भू-माफियागिरी गोरखपुर और अयोध्या में हुई है।”
लखनऊ में सपा मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, “सबसे बड़ी भू माफिया पार्टी भाजपा है। भाजपा से ज्यादा जमीन किसी ने नहीं हड़पी। केवल गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर और लखनऊ के रजिस्ट्रियों की जांच कर लें। यहां सरकारी जमीन तालाब और भी कई चीजें कई तरीके से छिनी गई है। गोरखपुर में आज जमीन को लेकर गोली चली है। सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट ने न जाने कितनी बार बुलडोजर को अमानवीय कहा है। सबसे ज्यादा भू-माफियागिरी गोरखपुर और अयोध्या में हुई है।”
यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश, भाजपा सरकार ने आर्थिक संकट में फंसाया देश, GST-TDS में उलझा पूरा कारोबार
इस दौरान सपा सुप्रीमो ने यूपी में कानून-व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए भाजपा के जीरो टॉलरेंस के नारे को ‘जीरो’ करार दिया। उन्होंने कहा कि आज पुलिस खुद पुलिस की तलाश में है और छापेमारी कर रही है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ही भाजपा से नाराज हैं और उन्हें न्याय नहीं मिल रहा।
इसके अलावा सपा मुखिया ने भ्रष्टाचार के एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि एक आइएएस अधिकारी का दलाल पकड़ा गया है, जो कई अन्य लोगों के लिए भी काम करता था। यह सिर्फ भ्रष्टाचार का ही मामला नहीं है बल्कि यह बंटवारे का भी मामला है। बंटवारे के झगड़े के चलते इतने बड़े भ्रष्टाचार की पोल खुली।
इतना ही नहीं भाजपा का अस्सी-बीस नारा नहीं चल रहा हैं तो वह साम्प्रदायिक राजनीति पर उतर आयी है। पीडीए और आधी आबादी 90 फीसदी है। यह 90-10 का मामला है। पीडीए पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ है। भाजपा पीडीए की एकजुटता से घबरा गयी है, इसीलिए भाजपा के नेता और भाजपा के तमाम संगठन समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन को बदनाम करने के लिए करोड़ों रूपये खर्च कर अभियान चला रहे हैं।
सब भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री आवास में छिपे
वहीं हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा निवेश नहीं ला पायी तो विनाश लेकर आ गयी है। ये सरकार तो कहती थी कि वह पाताल में भी अपराधियों को खोज लेती है। सब भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री आवास में छिपे हुए हैं, उन्हें क्यों नहीं खोज पा रही है। साथ ही गंभीर आरोप लगाते हुए सपा सुप्रीमों ने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश में पुलिस अपहरण कर रही है। पुलिस फिरौती मांग रही है। पुलिस-पुलिस के खिलाफ एफआइआर कर रही और छापे मार रही है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अराजकता के अंधेरे में धकेल दिया है। किसान के गेंहू की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। सरकार ने हाथ खड़े कर दिए। निजी कम्पनियों और प्रतिष्ठानों को लाइसेंस देकर खुली छूट दे दी गयी है। भाजपा सरकार किसान की आय दोगुनी नहीं कर पायी।