अखिलेश ने कहा, भाजपा ने अपने सांसदों का टिकट काटकर उनको भी बना दिया बेरोजगार

भ्रम फैलाकर

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा दिग्‍गज नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी व मुरली मनोहर जोशी समेत पिछले बार जीते कई सांसदों के टिकट काटने की चर्चाओं के बीच बुधवार को सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी समेत मोदी और योगी सरकार पर हमला बोला है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा है कि भाजपा अब और कितने लोगों का रोजगार छीनेगी? बेरोजगारों की प्रतियोगिता बढ़ाने के लिए भाजपा ने अपने सांसदों का टिकट काटकर उनको भी बेरोजगार बना दिया है। सत्ताधारी दल का एक तो उन पर भरोसा नहीं रह गया है दूसरे यह भी मान लिया गया है कि उनके जीतने की संभावना दूर-दूर तक नहीं है। इस विफलता का फार्मूला सांसदों पर ही नहीं उनके नेता पर भी लागू होता है।

लोकलाज से चलता है लोकतंत्र

हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने अपने एक बयान में कहा कि भाजपा के सांसदो की विफलता का पांच सालों का रिकॉर्ड तो है ही, खुद भाजपा सरकार ने भी जनभावनाओं के साथ कम खिलवाड़ नहीं किया हैं। भाजपा नेतृत्व अपने वादों पर कायम नहीं रहा। वादाखिलाफी भ्रष्टाचार की श्रेणी में ही आता है। लोकतंत्र लोकलाज से चलता हैं, लेकिन भाजपा को अपने झूठ, फरेब पर अपराधबोध तक नहीं है।

मोदी-योगी सरकार ने जनता के भरोसे के साथ किया धोखा 

भाजपा सरकारों को निशाने पर लेते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि पांच साल की मोदी और दो साल की योगी सरकार ने जनता के भरोसे के साथ धोखा किया है। केंद्र सरकार ने विकास और भ्रष्टाचार रोकने के नाम पर सिर्फ जुमलों के हवाई महल खड़े किए हैं। मंत्रालय से राफेल विमान की फाइल चोरी होने के लिए लापरवाह चौकीदार को क्या सजा मिली? रामराज्य का दावा करने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेश को जंगलराज में बदल दिया। हर मोर्चे पर दोनों सरकारें विफल रही है। प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार के दो साल संकट के सौ साल लग रहे हैं। किसान खून के आंसू रो रहे हैं। युवा पीढ़ी की आशाओं पर कुठाराघात हुआ है।

जनता दोहराना चाहती है 1977 का इतिहास

अपने जारी बयान में अखिलेश ने ये भी कहा कि भाजपा नेतृत्व चाहे जितनी सभाओं और रैलियों का हल्ला करें, लेकिन जनता ने अब भाजपा को सत्ता से बर्खास्त करने का मन बना लिया है। उसे बस मतदान की तिथि का इंतजार है। वो 1977 के मतदान का इतिहास दोहराना चाहती है।

यह भी पढ़ें- पत्‍नी-बच्‍चों व आजम खान के साथ मेट्रो में घूमे अखिलेश, जाना जनता का हाल, फिर कही ये बातें