सपा नेताओं के यहां IT की रेड पर अखिलेश ने साधा BJP सरकार पर निशाना, ‘यूपी में CBI-ED भी आएगी चुनाव लड़ने’

कानून-व्यवस्था की धज्जियां
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आयकर विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मैनपुरी, मऊ और आगरा में शनिवार को अखिलेश यादव के करीबियों व सपा नेताओं के घर और कार्यालयों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है, हालांकि आयकर विभाग की इस कार्रवाई पर पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी तो केवल इनकम टैक्स की टीम आई है, अभी सीबीआइ और ईडी भी यूपी में चुनाव लड़ने आ रही है।

एक प्रेसवार्ता में सपा मुखिया ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा हार रही है, इस वजह से हमारे नेताओं पर छापे पड़ रहे हैं। अगर उनके पास पहले से जानकारी थी तो पहले कार्रवाई करनी चाहिए थी। साथ ही कहा कि जैसे-जैसे भाजपा को यूपी में हार सताएगी, चुनाव नजदीक आएंगे, दिल्ली से बड़े-बड़े नेता आएंगे। अभी तक इन्हीं का इंतजार था। अभी तो इनकम टैक्स आया है, अब तो ईडी आएगी, सीबीआइ आएगी और न जाने क्या-क्या संस्थाएं आएंगी।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अफवाहें फैलाई जाएंगी, साजिशें की जाएंगी, बावजूद इसके साइकिल की रफ्तार कम नहीं होगी। उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होना निश्चित है। वह इसे जान रहे हैं, इसलिए उन्होंने इनकम टैक्स को भेजा है। राजीव राय हमारी पार्टी के प्रवक्ता हैं, वह दिन रात हमारे लिए काम कर रहे हैं और वह इनकम टैक्स दाखिल करते रहे हैं अगर कोई पहले दिक्कत रही होगी तो जांच पहले क्यों नहीं हुई।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव के करीबियों के घर लखनऊ समेत कई जिलों में आयकर की छापेमारी

आइटी रेड पर सवाल उठाते हुए आगे कहा कि आखिरकार चुनाव के समय ही क्यों, चुनाव से कुछ महीने पहले क्यों नहीं। अगर कोई जानकारी थी तो उस वक्त छापा क्यों नहीं मारा, लेकिन जैसे ही चुनाव करीब आया है, यह विभाग भी चुनाव लड़ने आ गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर चुनाव से दो महीने पहले ये कार्रवाई क्यों हो रही है।

भाजपा कांग्रेस के रास्ते पर चल रही

इस दौरान कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा कांग्रेस के रास्ते पर चल रही है। कांग्रेस का पुराना इतिहास देखेंगे तो पाएंगे कि वह ऐसे ही डराने का काम करती थी। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि इस बार जनता, नौजवान और बेरोजगार तैयार हैं और सरकार बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और बंगाल में किस तरह केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया, यह सबके सामने है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी कठपुतली बन गए हैं। महाराष्ट्र में एक अफसर ने कैसे चीलम के चक्कर में बेगुनाहों को फंसा दिया।

यह भी पढ़ें- राजभर का मोदी सरकार पर तंज, यूपी में चुनाव आ गया, बहुत जल्दी ED-CBI भी आएगी