अखिलेश ने कहा, यूपी की साढ़े तीन सौ से ज्‍यादा विधानसभा सीट जीतकर सपा 2022 में बनाएगी सरकार

यशवंत सिन्हा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर बयानबाजी शुरू हो गयी है। गुरुवार को सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा साढ़े तीन सौ से अधिक विधानसभा सीटें जीतकर यूपी में सरकार बनाएगी।

आज अपने एक बयान में यूपी के पूर्व सीएम ने चुनाव को लेकर यह भी कहा है कि उत्तर प्रदेश भाजपा इतने फासले से विधानसभा चुनाव हारेगी कि उसे कल्पना भी नहीं होगी। गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ही सुनिश्चित होगी।

बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश ने मीडिया से कहा है कि भाजपा सरकार जाने वाली है, वह बचेगी नहीं। इसलिए वह बौखला गई है। भाजपा विजनलेस है, विकास का ब्लू प्रिंट और विजन समाजवादी पार्टी के पास है। जनता आक्रोशित और त्रस्त है। भाजपा सरकार के पास अपना बताने को कोई काम नहीं है, प्रदेश में विकास के सभी बड़े प्रोजेक्ट समाजवादी पार्टी सरकार के समय के है।

यह भी पढ़ें- दिनेश शर्मा का पलटवार, जनाधार खो चुकी सपा झूठे आरोपों से कर रही जनता को गुमराह करने की कोशिश

आरोप लगाते हुए अखिलेश ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार का रवैया अलोकतांत्रिक है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और खत्म करने की साजिशें हो रही हैं। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। राज्यसभा में बहुमत को ठुकराकर कृषि कानून पास कराए गए। किसान नाराज है तो तीन कृषि कानून उन पर थोपने की जिद क्यों सरकार कर रही है? प्रदेश में विधान परिषद में विपक्ष के बहुमत की अनदेखी हो रही। भाजपा सरकार खेती बर्बाद करना चाहती है। किसान के खेत पर उद्योगपतियों का नियंत्रण होगा और किसान खुद अपनी जमीन पर मजदूर बन जाएगा। भाजपा सरकार ने किसानों को एमएसपी नहीं दी। मूंगफली और सरसों की कीमत कब मिलेगी? भारत सरकार देश के किसानों को सही कीमत देने के बजाय विदेशों से तेल आयात करती है। भाजपा सरकार में झांसी, महोबा, ललितपुर में सैकड़ों किसानों ने आत्महत्या की है। बुंदेलखंड ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया पर उसने किसानों और गरीबों को धोखा दिया।