बोले अखिलेश, ‘भाजपा-बसपा के पास बताने के लिए कोई काम नहीं’

छुट्टा जानवरों
अखिलेश यादव। फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज महाराजगंज एवं कुशीनगर में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर समाजवादी सरकार बनने जा रही है। भाजपा और बसपा के पास जनता को बताने के लिए कोई काम नहीं है। समाजवादी सरकार में विकास कार्य हुए है।

भाजपा सरकार की नोटबंदी से आर्थिक व्यवस्था चरमरा गई है। प्रधानमंत्री की मन की बातें समझ से बाहर है। बहुजन समाज पार्टी और भाजपा एक दूसरे से मिलकर चल रही हैं और कब बुआ जी भाजपा के साथ रक्षाबंधन मनाने लगे कहा नहीं जा सकता।

सपा मुखिया ने कहा कि मोदी जी ने जनता को दुख दिए है। ईमानदारी से कमाये पैसे के लिए लोग लंबी लाइनों में लगे रहे। लोकतंत्र में जो सरकारें जनता को दुख देती है। मौका पाते ही जनता उन्हें सजा देने का काम करती है। मोदी जी ने लोकसभा चुनाव के समय जो वादे किए थे एक भी नहीं पूरे किए। जनता को धोखा दिया है।

अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सपा सरकार ने पांच लाख से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी। शिक्षा मित्रों को समायोजित किया। नोटबंदी के दौरान लाइन में हुई मौतों पर परिजनों की मदद की।

शादियों के लिए मदद की। गंभीर बीमारियों में मरीजों की मदद की। छात्रों को लैपटाप दिए। मजदूरों को साइकिलें दी। समाजवादी पेंशन से गरीब महिलाओं की मदद की। एम्बुलेंस की व्यवस्था की। पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया। डायल 100 सेवा शुरू की। रैली में मौजूद लोगों से उन्‍होंने पूछा कि बताइयें मोदी ने तीन साल में क्या किया।

चुनावी वादा करते हुए अखिलेश बोले कि अगले पांच साल किसानों और युवाओं के रोजगार के लिए काम करेंगे। गरीबों और किसानों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था करेंगे। हर गरीब परिवार को समाजवादी पेंशन योजना से जोड़ेंगे। सरकारी बसों में महिलाओं का किराया आधा करेंगे।

सीएम ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी प्रधानमंत्री के पद पर हैं। हमसे झगड़ा करना चाहते हैं। कहते हैं कि यूपी सरकार ने रमजान में ज्यादा बिजली दी। प्रधानमंत्री जी को जानकारी ही नही है कि हमने रमजान, दीपावली और क्रिसमस सब त्योहारों पर ज्यादा बिजली दी है। लिखित में सब आंकड़े हैं।

प्रधानमंत्री की असलियत जनता के सामने आ चुकी है। 2019 में मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए अब तक चार चरणों के मतदान हो चुके हैं और चारों चरणों में समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन दूसरे दलों के मुकाबले में बहुत आगे हैं। कल पांचवें चरण के मतदान में भी हम सबसे आगे रहेंगे। प्रधानमंत्री जी ने रेडियों और टीवी पर मन की बात बहुत कर ली। अब उन्हें देश ओर जनता के लिए कुछ काम करना चाहिए।