अमेरिका के अलास्का में आया जोरदार भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

अलास्का भूकंप

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका के अलास्का के तट पर रविवार को भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। इस भूकंप की तीव्रता रेक्टर स्केल पर 7.3 बताई गई है। ये झटका इतना तेज था कि इनके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। झटकों के कारण भयानक तबाही की आशंका जताई गई है। हालांकि भूकंप से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी सामने नहीं आई।

संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, रविवार दोपहर अलास्का में 7.4 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटके के बाद तटीय इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है, जिसके बाद से दहशत का माहौल है। यूएसजीएस ने कहा कि भूकंप 9.3 किमी (5.78 मील) की गहराई पर था। अलास्का भूकंप केंद्र ने कहा कि अलास्का प्रायद्वीप, अलेउतियन द्वीप और कुक इनलेट इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए।

दो साल पहले 2021 में भी अलास्का में 8.2 तीव्रता का भूकंप आया था। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने तब भी सुनामी की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ था। 2020 में भी अलास्का के दक्षिणी तट पर 7.5 तीव्रता के भूकंप के कारण सुनामी लहरें आईं थी, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ था।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर व लद्दाख में फिर आया भूकंप, 24 घंटों में छठी बार हिली धरती

इससे पहले मार्च 1964 में अलास्का में तेज भूकंप आया था। इसकी तीव्रता 9.2 थी। ये उत्तरी अमेरिका में अब तक का सबसे विनाशकारी अर्थक्वेक था। इसकी चपेट में आकर एंकरेज इलाका तबाह हो गया। साथ ही सुनामी ने अलास्का की खाड़ी, अमेरिका के पश्चिमी तट और हवाई को भारी नुकसान पहुंचाया। भूकंप और सुनामी से 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे।

यह भी पढ़ें- तेज भूकंप के झटके से हिला दक्षिण अफ्रीका का जोहान्सबर्ग