इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनें जस्टिस संजय यादव, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिलाई शपथ

मुख्य न्यायाधीश संजय यादव

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मनोनीत मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव ने शपथ ग्रहण की। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने रविवार को उन्हें राजभवन के गांधी हाल में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव आर के तिवारी, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव महेश कुमार गुप्ता, मुख्य न्यायाधीश के परिवार के सदस्य तथा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश, रजिस्ट्रार तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे ।

बता दें कि 26 जून 1961 को जन्मे जस्टिस संजय यादव 25 अगस्त 1986 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उसके बाद उन्होंने जबलपुर हाई कोर्ट में सिविल, रेवेन्यू और संवैधानिक मामलों में वकालत की।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट की तल्ख टिप्पणी, उत्‍तर प्रदेश में राम भरोसे छोटे शहरों व गांवों में चिकित्सा व्यवस्था

संजय यादव मार्च 1999 से अक्टूबर 2005 तक सरकारी अधिवक्ता के रूप में काम किया। संजय यादव मध्य प्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रहे। दो मार्च 2007 को वह मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के अपर न्यायाधीश नियुक्त हुए और जनवरी 2010 में स्थायी जज बने।

वह दो बार मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे। आठ जनवरी 2021 को वह मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से स्थानांतरित होकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश बने। यहां 14 अप्रैल से वह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पद पर थे।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर योगी सरकार का लॉकडाउन लगाने से इनकार