अमर सिंह के निधन पर योगी, प्रियंका, अखिलेश समेत कई नेताओं ने जताया शोक

अमर सिंह का निधन

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। राज्‍यसभा सांसद अमर सिंह का लंबी बीमारी के बाद सिंगापुर में निधन हो गया है। अमर सिंह के निधन की खबर से लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं योगी, प्रियंका, अखिलेश शिवपाल समेंत अन्‍य पार्टियों के नेताओं ने शोक जताया है।

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने राज्य सभा सांसद अमर सिंह  के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही कहा कि अमर सिंह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। उन्‍होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं।

वहीं प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि ईश्वर अमर सिंह जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में शरण दें। अमर सिंह जी के परिवार के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं इस दुखद क्षण में उनकी शोक संतप्त पत्‍नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।

यह भी पढ़ें- सांसद अमर सिंह का सिंगापुर के अस्‍पताल में निधन, मौत के कुछ घंटें पहले किए थे ये दो Tweet

जबकि अमर सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्विटर पर एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पिता मुलायम सिंह और पार्टी से सांसद रह चुके अमर सिंह के साथ अपनी एक फोटो डालते हुए उन्होंने लिखा कि अमर सिंह के स्नेह और सान्निध्य से वंचित होने पर भावपूर्ण संवेदना एवं श्रद्धांजलि।

वहीं शिवपाल यादव ने ट्वीट कर कहा कि प्रिय मित्र अमर सिंह जी के निधन की दुःखद खबर से निःशब्द हूं, स्तब्ध हूं और बेहद मर्माहत हूं। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। श्रद्धांजलि…

इस दौरान ओम प्रकाश राजभर ने ट्वीट कर कहा भारतीय राजनीति के प्रख्यात राजनीतिज्ञ राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस घड़ी में उनके परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

यह भी पढ़ें- MP के राज्‍यपाल व लखनऊ के पूर्व सांसद लालजी टंडन का निधन