पंचतत्‍व में विलीन हुए अमर सिंह, बेटियों ने दी मुखाग्नि

पंचतत्‍व में विलीन
अंतिम संस्कार के लिए ले जाते लोग।

आरयू वेब टीम। राज्यसभा सांसद अमर सिंह सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। दिल्ली के छतरपुर स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी दोनों बेटियों ने उनको नम आंखों से विदा किया और उन्हें मुखाग्नि दी।

अमर सिंह के अंतिम संस्कार के समय श्मशान घाट पर उनके परिवार के साथ- साथ उनके समर्थक भी मौजूद थे, हालांकि कोरोना वायरस की वजह से कोई बड़ा चेहरा श्मशान घाट पर नजर नहीं आया। हां इतना जरूर था कि रविवार को सिंगापुर से जब अमर सिंह के पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित उनके आवास पर लाया गया था तो, अंतिम दर्शन करने के लिए शिवपाल यादव और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- सांसद अमर सिंह का सिंगापुर के अस्‍पताल में निधन, मौत के कुछ घंटें पहले किए थे ये दो Tweet

मालूम हो कि काफी दिनों से अमर सिंह बीमार चल रहे थे। उनका किडनी ट्रांसप्लांट कराया गया था, जिसका इलाज वे पहले दिल्ली के साकेत अस्पताल में करा रहे थे। बाद में उनको सिंगापुर ले जाया गया था, जहां पिछले छह महीने से उनका इलाज चल रहा था। बीते मार्च महीने से अमर सिंह लगातार बीमार चल रहे थे। उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था।

वहीं मार्च महीने में कुछ लोगों ने उनकी मौत की अफवाह भी उड़ाई थी। इसपर अमर सिंह ने बेबाकी से ट्वीट करके अपना एक वीडियो जारी किया था। वीडियो के माध्यम से उन्होंने कहा था कि मैं अभी जिंदा हूं। मेरे दुश्मनों के लिए यह एक बुरी खबर है।

यह भी पढ़ें- अमर सिंह के निधन पर योगी, प्रियंका, अखिलेश समेत कई नेताओं ने जताया शोक