अमौसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला 315 बोर का कारतूस, पुलिस ने हिरासत में लिया

अमौसी एयरपोर्ट

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जिसके बाद एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें यात्री सही जवाब नहीं दे सका। बाद में सीआइएसएफ ने यात्री को सरोजनीनगर पुलिस को सौंप दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक सरोजनीनगर स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जनपद पीलीभीत निवासी दीपांकर जायसवाल इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6521 से लखनऊ से भुवनेश्वर जाने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। ये उड़ान सुबह 9:20 बजे लखनऊ से रायपुर होते हुए भुवनेश्वर जाती है। लखनऊ एयरपोर्ट पर बोर्डिंग के लिए सुरक्षा जांच के दौरान दीपांकर के बैग में 315 बोर का एक कारतूस मिला। कारतूस बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

सीआइएसएफ कर्मियों ने तत्काल यात्री को हिरासत में लेकर थाना सरोजनीनगर को सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में यात्री के पास किसी प्रकार का शस्त्र लाइसेंस नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें- बैंकॉक से तस्‍कर छिपाकर लाया था लाखों का सोना, लखनऊ एयरपोर्ट पर गया पकड़ा

फिलहाल सरोजनीनगर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जिंदा कारतूस यात्री के बैग में कैसे पहुंचा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट पर पकड़ी गई प्राइवेट पार्ट में एक किलो सोना छुपा कर ले जा रही एयरहोस्टेस, भेजा गया जेल