अमेठी में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा की स्‍मृति ईरानी पर बड़ी जीत, अपना बूथ भी हारीं केंद्रीय मंत्री

अमेठी में कांग्रेस

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 में हॉट सीटों में से एक अमेठी पर परिणाम सामने आ गया है। जिस सीट पर मोदी सरकार की मंत्री व भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी की जीत तय मानी जा रही थी, वहां भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अमेठी में पिछली बार जीतने वाली स्मृति को इस बार करारी हार झेलनी पड़ी है। स्मृति को कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने मात दी है।

स्मृति को करीब एक लाख से अधिक वोटों से हार झेलनी पड़ी है। अमेठी के चौंकाने वाले नतीजों में स्मृति ईरानी अपना बूथ भी हार गई हैं। स्मृति ईरानी ने अमेठी में पहली बार अमेठी विधानसभा के मवई गांव में मतदान किया था। उन्हें अपने बूथ पर भी हार का सामना करना पड़ा है।

इसी बीच कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर केएल शर्मा की जीत पर ‘मुहर’ लगा दी है, जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं की धुकधुकी बढ़ गई है। प्रियंका गांधी ने केएल शर्मा के साथ तस्वीर साझा करते हुए कहा, ‘किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यकीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई !’

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक शाम 4:30 तक की मतगणना में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी पर एक लाख 38 हजार 143 वोटों की निर्णायक बढ़त ले ली है। कांग्रेस प्रत्याशी मतगणना की शुरुआत से ही आगे रहे और चक्र दर चक्र उनकी बढ़त मजबूत होती गई। आठ लाख 44 हजार 658 वोटों की गिनती में किशोरी लाल शर्मा को चार लाख 61 हजार 255 और स्मृति ईरानी को तीन लाख 23 हजार 112 वोट मिले हैं।

यह भी पढ़ें- एग्जिट पोल को मोदी मीडिया पोल बता राहुल ने कहा, जीतेंगे 295 सीटें

गौरतलब है कि स्मृति ईरानी भाजपा के टिकट पर 2019 के चुनाव में अमेठी से लोकसभा का चुनाव जीता, हालांकि इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें राहुल गांधी के सामने हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं, लंबे समय से गांधी परिवार के करीबी रहे केएल शर्मा अमेठी व रायबरेली में चुनावी रणनीति बनाने और संचालित करने का काम करते आए हैं। किशोरी लाल को सोनिया गांधी के लिए चाणक्य का किरदार निभाने वाला भी माना जाता है। इसलिए कांग्रेस ने केएल शर्मा को मैदान में उतार भाजपा को टक्कर दी।

यह भी पढ़ें- धांधली की आशंका पर अखिलेश ने सपा नेता-कार्यकर्ताओं को मतगणना केंद्र के चारों तरफ किया तैनात