अनिल देशमुख के खिलाफ आरोपों की हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज से जांच कराएगी उद्धव सरकार

अनिल देशमुख

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ वसूली के आरोपों की जांच पर मुख्यमंत्री और राज्य शासन ने फैसला लिया है। हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज के नेतृत्व में देशमुख पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी। ये जानकारी खुद गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दी है।

देशमुख ने कहा, “जो आरोप मुझ पर पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर ने लगाए थे, मैंने उसकी जांच कराने की मांग की थी। मुख्यमंत्री और राज्य शासन ने मुझ पर लगे आरोपों की जांच हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज के द्वारा करने का निर्णय लिया है, जो भी सच है वो सामने आएगा।”

गौरतलब है कि हाल ही में अनिल देशमुख ने इस बाबत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेटर लिखा था, जिसमें अनिल देशमुख ने कहा था कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने उनपर वसूली के जो आरोप लगाए हैं, उन सभी आरोपों की जांच कराई जाए। जब आरोपों की जांच होगी तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- संजय राउत की चेतावनी, महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश, तो उनको भी जलाएगी ये आग

मालूम हो कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने गृह मंत्री अनिल देशमुख पर अवैध उगाही का सनसनीखेज आरोप लगाया था। उन्होंने यह कहा था कि एंटीलिया विस्फोटक मामले में गिरफ्तार पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से देशमुख सीधे संपर्क में थे। उन्होंने वाजे को हर महीने 100 करोड रुपए की अवैध उगाही करने का निर्देश दिया था।

हालांकि महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार और देशमुख ने पूर्व पुलिस आयुक्त सिंह के आरोपों को खारिज कर दिया है। अब परमबीर सिंह ने बंबई हाईकोर्ट में एक आपराधिक मामले के संबंध में याचिका दायर की है। जिसमें देशमुख के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सीबीआइ जांच की मांग की है।

यह भी पढ़ें- मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, TRP स्कैम केस में रिपब्लिक TV के CEO विकास को किया गिरफ्तार