आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव से पहले सपा को झटका, पूर्व MLA कल्पनाथ पासवान ने थामा भाजपा का दामन

कल्पनाथ पासवान

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आजमगढ़ उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) को झटका लगा है। सपा के सिपाही कल्पनाथ पासवान ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। कल्पनाथ को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सपा अध्यक्ष ने उनके साथ घोर अन्याय किया है।

कल्पनाथ पासवान ने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि दलित बिरादरी होने के नाते मेरा टिकट काट दिया गया है। लोकसभा चुनाव में एक दलित को प्रत्याशी घोषित कर उसका भी टिकट काट दिया गया और अपने परिवार को टिकट दे दिया गया। पूर्व एमएलए का कहना है कि उपचुनाव सत्तापक्ष में जाता है। यह इतिहास रहा है। आजमगढ़ के गढ़ को योगी आदित्यनाथ ने तोड़ दिया है। इसमें दसों सीटों पर दूसरे नंबर पर भाजपा रही है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें- जनसभा में बोले CM योगी, सपा सरकार ने आजमगढ़ को बना दिया था आतंक का गढ़

गौरतलब है कि कल्पनाथ पासवान ने लंबे समय तक भाजपा में रहकर राजनीति की, लेकिन साल 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थामा। सपा ने उन्हें मेंहनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। चुनावी मैदान में तब उतरे कल्पनाथ ने जीत दर्ज कर विधानसभा तक का सफर तय किया, लेकिन यूपी चुनाव 2022 में वे उम्मीदवार नहीं बन सके। अब कल्पनाथ ने ऐन चुनाव से पहले सपा को झटका दे दिया है। कल्पनाथ पासवान ने भाजपा में वापसी कर ली है।

यह भी पढ़ें- लोकसभा उपचुनाव: भाजपा ने आजमगढ़ से निरहुआ तो रामपुर से घनश्याम लोधी को मैदान में उतारा