सपा-बसपा व कांग्रेस के नेताओं को भाजपा में शामिल कर बोले स्‍वतंत्र देव, आपकी मेहनत से बीजेपी की होगी सत्‍ता में वापसी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 करीब के आते ही दल बदलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को सपा, बसपा व कांग्रेस के कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा कार्यालय में कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और ज्वाइनिंग कमेटी के सदस्य दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में विभिन्न दलों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विभिन्न दलों से आए सभी नेताओं का स्वागत किया। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘आपके आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। आप लोग भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए अभी से जुट जाएं। आपकी मेहनत से एक बार फिर 2017 की तरह 2022 में भी भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में वापसी होगी।’

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा गरीबों के हित के बारे में सोचती है। कैसे गरीबों का कल्याण हो, इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार काम कर रहे हैं। साथ ही कहा कि भाजपा की कार्यशैली से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता भाजपा को पसंद कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हुए राजनीतिक पार्टियों के नेता, पूर्व IPS व कवि ने भी ली सदस्‍यता

जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई ने भाजपा की सदस्यता लेने वाले नेताओं से कहा कि ‘आप अपने जिलों में जाकर अभी से पार्टी हित में काम शुरू कर दें। पार्टी के निमंत्रण का बिल्कुल इंतजार न करें। आप जिस तरह दूध में पानी एकरस हो जाता है उसी तरह एकरस होकर भाजपा के लिए ईमानदारी से मेहनत करना शुरू कर दें। पिछली बार हम जितनी सीटें लाए थे उससे ज्यादा सीटें इस बार लाएंगे।’

वहीं भाजपा में शामिल होने वालों में समाजवादी पार्टी से तीन बार विधायक रहे महावीर सिंह की पत्नी रीता सिंह, बसपा से 2007 और 2012 में बसपा रहे भगवान सिंह कुशवाहा, महाराजगंज से छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह, व पूर्व कांग्रेसी नेता सत्यदेव त्रिपाठी के बेटे अभिषेक त्रिपाठी शामिल है। इसके अलावा कांग्रेस से देवरिया से संजीव सिंह, गोरखपुर से पूर्व बसपा प्रत्याशी राजेश पाण्डेय, यूथ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे विनोद चौधरी, मिर्जापुर की प्रियंका पांडेय, शिवेंद्र सिंह, चेतना शर्मा ने भी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष भाजपा का दामन थामा।

यह भी पढ़ें- ओमप्रकाश राजभर को झटका, कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन