भाजपा में शामिल हुए राजनीतिक पार्टियों के नेता, पूर्व IPS व कवि ने भी ली सदस्‍यता

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का एक दल से दूसरे दल में जाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को कई सपा-कांग्रेस व प्रसपा के नेताओं समेत पूर्व आइपीएस अधिकारी, राष्ट्रीय कवि, समाजसेवियों ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता के आशीर्वाद के साथ हम लोग एक बार फिर भाजपा की विजय व विकास यात्रा लेकर 2022 के चुनाव में जनता के बीच जायेंगे। जनता पूर्व की तरह एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ जिताने जा रही है। स्‍वतंत्र देव ने आगे कहा कि एक ईमानदार और परिश्रम की पराकाष्ठा पार करने वाले मोदी जी का नेतृत्व है जो गरीबों के लिए रात दिन काम कर रहे हैं चाहे आवास योजना हो चाहे मुफ्त गैस वितरण कर गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्त कराना हो या किसान सम्मान निधि हो सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के निचले तबके तक पहुंचाने का काम भाजपा सरकार कर रही है।

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि भाजपा विकासवाद के नाम पर जनता से आशीर्वाद मांग रही है, हमारा संकल्प समाज के अंतिम व्यक्ति तक सभी योजनाओं का लाभ पहुंचना है। वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा को जनता का वोट सिर्फ सत्ता में आकर माफियाओं को संरक्षण, गरीब जनता के हक को मार कर अपने व अपने परिवार के लिए आलीशान महल खड़ा करना है। सपा की गुंडई का नमूना अभी हाल ही में प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश ने देखा है कि कैसे उनके विधायक ने चंदौली में डिप्टी एसपी के साथ हाथापाई की, सपा की इस गुंडई को जनता 2017 में नकार चुकी है और एक बार फिर 2022 विधानसभा चुनाव में नकारने का संकल्प ले चुकी है।

यह भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप के लिए काम कर चुके अमरीश त्यागी हुए भाजपा में शामिल

वहीं प्रदेश मुख्यालय में आज मेरठ से संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्तव्य राष्ट्रीय पार्टी, उपचुनाव 2014 में विधानसभा प्रत्याशी देवबंद सपा से, पूर्व सदस्य यूपी सरकार अनुसूचितजाति-जनजाति आयोग सदस्य, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री किरन जाटव, मेरठ से राष्ट्रीय कवि, हिन्दी साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ जैन सुमन, लखनऊ से रिटायर्ड आइपीएस, संरक्षक मिथिला मंच मनोज झा, फिरोजाबाद से पूर्व प्रत्याशी फतेहपुर सीकरी लोकसभा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय सचिव भारतीय किसान युनियन (भानुगुट) मनीषा सिंह।

वहीं आगरा से महासचिव यूपी कांग्रेस कमेटी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव महिला कांग्रेस शबाना खण्डेलवाल, सीतापुर से वर्तमान ब्लाक प्रमुख सिधौली राम बक्श रावत, लखनऊ से मां जानकी के जन्म स्थली मिथिला प्रदेश के देश भर में फैले हुए मिथिला वासियों को संगठित करने वाले संगठन (मिथिला मंच लखनऊ) के अध्यक्ष जितेन्द्र झा, बलिया से पूर्व चेयरमैन चितबड़ागांव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी फेफना विधानसभा प्रत्याशी बसपा अभिराम सिंह दारा, रायबरेली से कांग्रेस कार्यकर्त्ता राम दास बहेलिया, बलिया से पूर्व सचिव यूपद कांग्रेस कमेटी राजेश सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी तथा प्रदेश उपाध्यक्ष व ज्वाइनिंग कमेटी के सदस्य दयाशंकर सिंह भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- आखिरकार भाजपा में शामिल हो गयीं कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह, स्‍वतंत्र देव ने कहा, प्रियंका को देंगी टक्‍कर