आखिरकार भाजपा में शामिल हो गयीं कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह, “स्‍वतंत्र देव ने कहा, प्रियंका को देंगी टक्‍कर”

भाजपा में अदिति सिंह

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। भाजपा के पक्ष व कांग्रेस के विरोध में कई महीनों से बयान देने वालीं कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने आखिरकार भाजपा में ही जाने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। बुधवार शाम रायबरेली सदर से कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया है। अदिति सिंह को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। वहीं, आजमगढ़ से बसपा विधायक वंदना सिंह भी भाजपा में शामिल हो गईं।

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र की विधायक अदिति सिंह कांग्रेस व प्रियंका गांधी वाड्रा को कड़ी टक्कर देंगी। वहीं सगड़ी आजमगढ़ से बसपा विधायक वंदना सिंह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को टक्कर देंगी।

यह भी पढ़ें- अदिति सिंह के CM योगी से मिलने पर कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष नाराज, कहा अपना स्‍वार्थ सोचने वाले जा सकते हैं कहीं भी

उन्होंने दावा किया कि 2022 में भी भाजपा 2017 के विधानसभा चुनाव की तरह प्रचंड बहुमत हासिल कर सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस और सपा का हश्र पिछले चुनाव की तरह ही होगा। जनता को परिवारवाद नहीं विकास चाहिए और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ पहुंची अदिति सिंह ने कहा, महिलाओं की सुरक्षा में पूरी तरह फेल हुई मोदी-योगी सरकार

बता दें कांग्रेस विधायक पिछले कई महीनों से भाजपा की प्रशंसा और कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करती रही हैं। इसके लिए उन्हें कांग्रेस की तरफ से नोटिस भी दिया जा चुका है। बीते दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्हें सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया था और उनकी टीम में शामिल होने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वह टीम योगी का हिस्सा बनकर अपने विधानसभा के लोगों के लिए और बेहतर कर सकती हैं। अदिति सिंह ने कांग्रेस द्वारा यूपी चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा करने पर कहा था कि वह स्टंट कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- बस विवाद में कूदीं अदिति सिंह ने अपनी ही पार्टी पर उठाए सवाल, कहा ये कैसा क्रूर मजाक, मुख्‍यमंत्री कि तारीफ भी की