लोकसभा उपचुनाव: रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी तो आजमगढ़ में निरहुआ ने लहराया बीजेपी का परचम

भाजपा की जीत

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा उपचुनाव में इस बार परिणाम बेहद चौंकाने वाले रहे। आजम खान के गढ़ रामपुर की सीट और अखिलेश यादव के गढ़ आजमगढ़ को आखिरकार भाजपा ने छीन लिया है। रामपुर से भाजपा के घनश्याम लोधी जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। उन्होंने यह जीत 42192 वोटों के अंतर से दर्ज की है। वहीं, आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ ने 8679 वोटों से जीत दर्ज की है।

रामपुर और आजमगढ़ में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होते ही भाजपा और सपा में कांटे की लड़ाई शुरू हो गई थी। आजमगढ़ में मतगणना की शुरुआत में सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने बढ़त बनाई थी। वहीं, रामपुर से सपा के प्रत्याशी आसिम रजा ने भी शुरुआत में बढ़त बनाई। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी बढ़त का अंतर घटता गया और दोनों ही सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी आगे हो गए।

दोपहर दो बजे तक रामपुर में भाजपा के प्रत्याशी घनश्याम लोधी की बढ़त 34,232 वोटों की हो गई। उस वक्त घनश्याम लोधी को 3,52,674 वोट मिले थे, और सपा के आसिम रजा 3,18,442 वोट पाकर दूसरे स्थान पर चल रहे थे।

यह भी पढ़ें- रामपुर में मतदान के बीच सपा का पुलिस व प्रशासन पर गंभीर आरोप, चुनाव आयोग से की शिकायत

अंत में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी ने 42,192 वोट से जीत हासिल की। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और पैक्स फेड के चेयरमैन सूर्य प्रकाश पाल ने उन्हें बधाई दी। नवीन मंडी में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जीत का प्रमाण पत्र भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी को दिया। इस मौके पर घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि मैं आज सांसद नहीं बना हूं, बल्कि आज रामपुर का एक-एक कार्यकर्ता सांसद बना है।

यह भी पढ़ें- उपचुनाव: रामपुर में करीब 40 तो आजमगढ़ 46 फीसदी हुआ मतदान

वहीं, आजमगढ़ में दोपहर 2:30 बजे तक भाजपा प्रत्याशी निरहुआ की बढ़त का अंतर 14,712 वोटों का हो गया था। शाम को आए नतीजों के मुताबिक निरहुआ ने 8679 वोटों से जीत इसके बाद उन्होंने कहा कि विरोधियों को जनता ने जवाब दे दिया है। अब हम जनता की सेवा करेंगे। डबल इंजन की सरकार देशभर में अच्छा काम कर रही है। आजमगढ़ ने भी इसी से प्रभावित होकर कमल खिलाया है।