योगी सरकार पर भ्रष्‍टाचार का आरोप लगा यूपी महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा ने दिया इस्तीफा, किसान व महिलाओं के मुद्दे को लेकर भी जताई नाराजगी

भ्रष्‍टाचार का आरोप
प्रियंवदा सिंह तोमर। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह तोमर ने सदस्य पद और भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। तोमर ने भाजपा और राज्य सरकार पर भ्रष्‍टाचार सहित गंभीर आरोप भी लगाए हैं। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य रहीं तोमर ने कहा कि राज्य में महिलाओं को इंसाफ नहीं मिल रहा है और भ्रष्टाचार भी चरम पर है। तोमर ने अपने इस्तीफे में किसान आंदोलन का मुद्दा भी उठाया।

“मैं एक किसान परिवार से आती हूं, पिछले 131 दिनों से किसान आंदोलन कर रहे हैं और 500 से ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं। देश के अन्नदाता के प्रति भाजपा और सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा से मैं बहुत आहत हूं।”

यह भी पढ़ें- संजय सिंह का आरोप, भ्रष्‍टाचार में डूबी है संवेदनहीन योगी सरकार, SIT गठन पर भी उठाएं सवाल

प्रियंवदा सिंह तोमर ने राज्य में महिलाओं की स्थिति को लेकर भी योगी सरकार पर हमला बोला। तोमर ने लिखा कि महिला आयोग की सदस्य होने के बावजूद वो महिलाओं को न्याय दिलाने में असमर्थ हैं। उन्होंने पार्टी के अंदर महिलाओं की उपेक्षा के भी आरोप लगाए।

सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए तोमर ने कहा कि राज्य में करप्शन अपने चरम पर है। उन्होंने लिखा, “क्षुब्ध होकर मैं पार्टी की सदस्यता और सभी पदों से त्याग पत्र दे रही हूं। इसी के साथ नैतिकता के आधार पर राज्य महिला आयोग के सदस्य पद से भी इस्तीफा देती हूं।”

यह भी पढ़ें- यूपी में भ्रष्‍टाचार ने ली 23 की जान, दर्जनों घायल, अंतिम संस्‍कार में शामिल होने पहुंचे लोगों पर गिरी छत