आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बिकने के कगार पर खड़े सहारा के लिए काम कर रहे कर्मचारी मौजूदा समय में आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। जिसके बाद कर्मचारियों ने हिसाब कर बकाया दिए जाने की मांग को लेकर सहारा शहर में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का ये प्रदर्शन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा, हालांकि सहारा प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत हुई है।
आक्रोशित कर्मचारियों ने सहारा शहर के मुख्य गेट पर ताला लगा रखा है, बिना उनकी इजाजत के कोई भी अंदर या फिर बाहर नहीं जा सकता है। कर्मचारियों ने सहारा प्रबंधन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बकाया वेतन और पीएफ का पैसा देने की गुहार लगाई है। कर्मचारियों ने कहा है कि उनकी बात यूपी के मुख्यमंत्री तक पहंचायी जाये। पैसे की कमी से जूझ रहे कर्मचारियों को बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य की चिंता खाये जा रही है।
यह भी पढ़ें- एम्बी वैली व सहारा सिटी गौतम अडानी को बेचने की तैयारी, SICCL ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
गौरतलब है कि बुधवार को नगर निगम की टीम सहारा शहर को सील करने पहुंची थी, जिसके बाद नगर निगम ने सहारा शहर को खाली करने के लिए तीन दिन की मोहलत प्रबंधन को दी थी, लेकिन उसके बाद से ही कर्मचारियों ने भय व्याप्त हो गया और अपना बकाया मांगने के लिए कर्मचारी प्रदर्शन करने लगे।