भगवंत मान ने ली पंजाब के CM पद की शपथ, “कहा, नहीं होंगे हल्की राजनीति में शामिल”

सीएम भगवंत मान

आरयू वेब टीम। पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री तौर पर शपथ ली। मान का शपथ ग्रहण समारोह नवांशहर जिले के स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव खटकर कलां में हुआ। इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे। निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीएम मान ने कहा कि आंदोलन से खड़ी हुई पार्टी देश में बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में स्कूल और कॉलेजों का स्तर सुधारेंगे। दिल्ली की तर्ज पर पंजाब का विकास करेंगे। सीएम ने कहा कि वह क्षुद्र राजनीति में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा, मेरी आप सभी (नवनिर्वाचित विधायकों) से अपील है कि अहंकार न करें। हमें उन लोगों का भी सम्मान करना होगा जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया।

साथ ही कहा कि मैं आप सभी को और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद देता हूं। पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शपथ लेने के बाद भगत सिंह की पंक्तियों को उद्धृत करते हुए कहा, ‘इश्क करना सबका पैदायशी हक है क्यों ना इस बार वतन की सरजमीन को महबूब बना लिया जाए।

यह भी पढ़ें- राज्‍यपाल बनवारीलाल पुरोह‍ित से मिले भगवंत मान ने पंजाब में सरकार बनाने का पेश किया दावा

वहीं भगवंत मान के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा है कि ”आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो गया हूं। इससे पहले, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। भगवंत मान ने अभी अकेले ही शपथ ग्रहण किया है।

यह भी पढ़ें- AAP ने भगवंत मान को बनाया पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा, केजरीवाल ने किया ऐलान, बताई वजह