AAP ने भगवंत मान को बनाया पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा, केजरीवाल ने किया ऐलान, बताई वजह

भगवंत मान

आरयू वेब टीम। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और संगरूर सांसद भगवंत मान को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने उनके नाम का ऐलान किया है। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने पंजाब के लोगों के फीडबैक की बुनियाद पर भगवंत मान को पार्टी का सीएम फेस बनाया है।

केजरीवाल ने आज कहा कि उनकी ओर से जारी नंबर पर 21 लाख से ज्यादा लोगों ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के लिए अपनी पसंद बताई है। इन 21 लाख में से 93 फीसदी लोगों ने कहा कि भगवंत मान पंजाब के सीएम होने चाहिए। लोगों की भावनाओं की कद्र करते हुए आम आदमी पार्टी भगवंत मान को अपना सीएम फेस घोषित कर रही है।

मालूम हो कि पंजाब के आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष भगवंत मान राज्य में पार्टी का सबसे अहम चेहरा हैं। वो लगातार दो बार से (2014 और 2019) पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के सांसद हैं। पंजाब में इस समय आम आदमी पार्टी के अकेले एमपी हैं। भगवंत मान जट सिख हैं और राजनीति में आने से पहले कॉमेडियन रहे हैं।

यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में AAP को झटका, भाजपा की सरबजीत कौर बनीं मेयर, पार्षदों का हंगामा

48 साल के भगवंत मान ने कॉमेडियन के तौर पर पहचान बनाने के बाद 2012 में मनप्रीत बादल की पंजाब पीपल पार्टी में शामिल होते हुए राजनीति की शुरुआत की। 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव में वो लहरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़े, लेकिन हार गए।

इसके बाद 2014 में भगवंत मान आम आदमी पार्टी में शामिल होकर संगरूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और जीते। इसके बाद 2019 में एक बार फिर इसी सीट से वो सांसद बने। वो 2017 से आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष हैं।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल सरकार का फैसला, कोरोना पॉजिटिव सभी मरीजों की होगी जीनोम सिक्वेंसिंग