भाजपा सरकार के झूठे ताने-बाने की जनता के बीच खुल चुकी है कलई: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो,लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा सरकार अपने झूठ के ताने बाने से लोगों को भ्रमित करने की चाहे जितनी कोशिशें कर लें अब जनता के बीच उसकी कलई खुल चुकी है। छह साल से भाजपा सरकार में छुपाई गई भ्रष्टाचार की परतें एक-एक कर खुलने लगी है। साथ ही कहा कि जनता भाजपा से त्रस्त है। वहीं सपा सुप्रीमों ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सोचती है कि हर समस्या का समाधान विज्ञापन होर्डिंग और बोर्ड लगाने से हो जाता है पर ऐसा नहीं है। सच्चाई कभी छुपती नहीं है।

वहीं हमला जारी रखते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि अरबों के निवेश का दावा करने वाली यूपी की भाजपा सरकार ‘काऊ मिल्क प्लांट‘ का बजट तक नहीं दे पा रही है, जिससे डेयरी संचालक और पशुपालकों का लाखों का भुगतान अटका है। ऐसे में कौन ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस‘ के दावों को सच मानेगा। सरकार अपना लगाया प्लांट ही नहीं चला पा रही है तो दूसरों को क्या कहे? भाजपा सरकार पशुओं के नाम पर भी भ्रष्टाचार से बाज नहीं आ रही है।

इतना ही नहीं सीतापुर में प्रशासन ने 26 पशुबाडे़ बनाकर 46 दिखा दिए, 21 सिर्फ कागज पर ही बने हैं। सीतापुर जनपद के कसमंडा के बरेठी ग्राम पंचायत में पशु बाड़े में भूसा भर दिया गया है। यूपी में सबसे बड़ा घोटाला तो सड़कों पर गड्ढे भरने के मामले में हुआ है। वहीं प्रतापगढ़ में डेढ़ करोड़ की लागत से बन रही सड़क पर झाडू लगाते ही गिट्टियां उखड़ने लगी है। कोडरा-भादूपुर से बहुचरा मार्ग बनते ही उखड़ने के साथ ही इस मार्ग पर बने पुल की दीवारों में भी दरारें उभर आई है। सड़कों के गड्ढ़ों में मिट्टी भरकर बस औपचारिकता पूरी कर ली जाती है। पूरे प्रदेश में यही हाल है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव नहीं चाहते परिवार रहे एक, ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष पर फिर साधा निशाना

अखिलेश ने भाजपा पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कन्नौज में इत्र पार्क बनाने का समाजवादी सरकार के समय प्रस्ताव था। भाजपा सरकार के छह साल में भी यह क्यों नहीं शुरू हो पाया? कन्नौज में अब गोबर पार्क बनाने की भाजपाई साजिश हो रही है। इत्र पार्क को समाजवादी सरकार में 257 करोड़ की लागत से 100 एकड़ क्षेत्रफल में बनाने की योजना बनी थी। अब इसे 50 एकड़ क्षेत्रफल में 100 करोड़ की लागत से ही बनाना तय किया गया है।

भाजपा सरकार को वास्तव में विकास से कुछ लेना देना नहीं है। वह विकास के नाम पर विनाश के बीज बोने में ही दिलचस्पी रखती है। जनता जान गई है कि भाजपा के रहते उसकी दशा सुधरने वाली नहीं है। मंहगाई, बेरोजगारी की मार से लोग परेशान हैं। भाजपा को सिर्फ सजावट करना और बड़े-बड़े विज्ञापन होर्डिंग से प्रचार के जरिए धोखे की राजनीति करना ही आता है।

यह भी पढ़ें- अपने जन्मदिन पर अखिलेश यादव ने मेधावी छात्रों को बांटा लैपटॉप, योगी सरकार पर कसा तंज