भाजपा में सीएम पद के लिए तेज हुई लड़ाई, 2019 में योगी गंवा देंगे पद: अखिलेश

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने आज योगी आदित्‍यनाथ पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हालात बेहद खराब हैं। मुख्‍यमंत्री 2019 में अपना पद गंवा देंगे, क्‍योंकि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में लड़ाई तेज हो गई है। ये बाते समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज सपा मुख्‍यालय में सपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के सम्मेलन में बतौर मुख्‍य अतिथि कही।

अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा में 2019 में मुख्यमंत्री बदले जाने की आहत हैं। इसके कारण दावेदार काम में तेजी दिखा रहे हैं। आजकल तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य जाति सम्मेलन कराने में काफी सक्रिय हैं। अखिलेश यादव ने भाजपा के जातीय सम्मेलनों पर निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, भाजपाईयों की आदत बन गयी बेरोजगार युवाओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करना

केशव प्रसाद मौर्य का नाम लिए बिना ही अखिलेश बोले कि, सरकार में उप मुख्यमंत्री का अपमान हुआ। अब उन्हें 2019 में मुख्यमंत्री बनाने की बात चल रही है। इसी कारण वह पिछड़ी जातियों के सम्मेलन करा रहे हैं।

सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसी को भी आराम से रहने नहीं देगी। यह सरकार सबको परेशान करना चाहती है। पहले नोटबंदी से परेशान किया। उन्होंने भाजपा पर शिक्षकों, किसानों, नौजवानों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई आसमान छू रही है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना, अनुपूरक बजट पर पूछा ये सवाल

यूपी के पूर्व सीएम ने हमला जारी रखते हुए कहा कि भारत दुनिया के मुकाबले बहुत पिछड़ गया है। भाजपा राज में लोकतंत्र को खतरा पैदा हो गया है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। केवल समाज में जातियों में झगड़ा हो जाए और उस चीज में लाभ उठा ले यही उनका काम है। बस वोट मिलना चाहिए। भाजपा की इस चाल को अब लोग समझ गए हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, नौकरी के लिए दर-दर भटक रहें नौजवान, भाजपा सरकार ने तोड़ा सपना