हर बूथ पर 50 नए सदस्‍य बनाएगी भाजपा, लोकसभा चुनाव को लेकर तेज की तैयारी

बूथ पर 50 नए सदस्य

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज करना शुरू कर दी है। गुरुवार को भाजपा के प्रदेश मुख्‍यालय पर हुई बैठक में फैसला लिया गया है कि भाजपा के कार्यकर्ता एक-एक बूथ पर जाकर भाजपा के कम से कम 50 नए सदस्‍य बनायेंगे।

यह भी पढ़ें- बुआ-भतीजा ही नहीं राहुल भी मिल जाएं तो लोकसभा चुनाव में नहीं हरा पाएंगे: अमित शाह

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सदस्यता अभियान के प्रमुख डॉ. राकेश त्रिवेदी ने बताया कि आगामी 30 सितंबर तक भाजपा कार्यकर्ता विशेष सदस्यता अभियान के तहत प्रत्येक बूथों पर 50-50 नए सदस्य बनायेंगे। प्रदेश, जिला, मण्डल, सेक्टर एवं बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता इस अभियान में जुटे है।

इनको मिली है जिम्‍मेदारी

प्रदेश उपाध्यक्ष ने मीडिया को आज जानकारी देते हुए आगे कहा कि अभियान के लिए प्रदेश से लेकर मण्डल तक सदस्यता प्रमुख एवं सदस्यता संयोजक बनाए गएं हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्‍डेय और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के निर्देश पर प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश सदस्यता अभियान  के सह संयोजक अरविंद भारती को पश्चिम एवं ब्रज क्षेत्र, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी एवं प्रदेश सह संयोजक गंगा सागर दूबे को काशी एवं अवध क्षेत्र, प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह एवं सदस्यता प्रकल्प के प्रदेश संयोजक जमुना प्रसाद द्विवेदी को गोरखपुर एवं कानपुर की जिम्मेदारी दी गयी है।

यह भी पढ़ें- गोल्ड मेडल जीतने वाले सौरभ को योगी सरकार देगी 50 लाख और नौकरी, रवि को भी मिलेगा नौकरी के अलावा 20 लाख का ईनाम