भाजपा विधायक अरविंद गिरी का एकाएक निधन, लखनऊ आते समय कार में आया हार्ट अटैक

विधायक अरविंद गिरी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में लखीमपुर खीरी की गोला विधानसभा से भाजपा विधायक अरविंद गिरी का मंगलवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें चलती कार में हार्ट अटैक आया। हर कोई विधायक की अचानक हुई मौत से स्तब्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के मुताबिक भाजपा विधायक अरविंद गिरी भोर में करीब पांच बजे तैयार होकर अपने घर से लखनऊ के लिए निकले थे, जहां रास्ते में अटरिया के पास उनको दिल का दौरा पड़ा। साथ मौजूद गनर और ड्राइवर उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाजपा विधायक की मौत पर कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह भी पढ़ें- खैरागढ़ सीट से विधायक देवव्रत सिंह का हार्ट अटैक से निधन

वहीं सीएम योगी ने अपने शोक संदेश में कहा कि लखीमपुर खीरी जिले के गोला विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अरविंद गिरि का निधन अत्यंत दुखद है। मेरी शोक संवेदनाएं संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

यही भी पढ़ें- बसपा के पूर्व मंत्री व भाजपा नेता रामवीर उपाध्याय का निधन

गौरतलब है कि अरविंद गिरी गोला विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। 1958 में जन्मे अरविंद अरविंद गिरी समाजवादी पार्टी से तीन बार विधायक रहे। सपा में अनबन के चलते उन्होंने पार्टी छोड़ दी। इसके बाद बसपा, कांग्रेस में भाग्य आजमाने के बाद 2017 में भाजपा में शामिल हो गए थे। अपनी छवि और व्यवहार के चलते अरविंद गिरी ने 2017, फिर 2022 मे भाजपा से जीत दर्ज की।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले सोमवार यानी पांच सितंबर को उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं की समीक्षा की थी। इसके अलावा उन्होंने बैठक को संबोधित भी किया था।

यह भी पढ़ें- झारखंड-असम के पूर्व राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी का KGMU में निधन, लखनऊ से रहा पुराना नाता