कांग्रेस का पलटवार, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ में अपनी महत्‍वपूर्ण भूमिका तय कर भाजपा को मुहंतोड़ जवाब देगा उत्‍तर प्रदेश

विकास श्रीवास्‍तव कांग्रेस
विकास श्रीवास्‍तव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी की 150 दिनों की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के अन्‍य राज्‍यों की अपेक्षा यूपी में कम दिनों तक चलने को लेकर उठ रहें सवालों पर आज यूपी कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा है कि ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ में उत्‍तर प्रदेश न सिर्फ अपनी मजबूत व महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा, बल्कि भाजपा को भी मुहंतोड़ जवाब देगा।

आठ ही दिनों में सिरदर्द बन गयी

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता विकास श्रीवास्‍तव ने आज इस बारे में मीडिया से कहा है कि देश में भय, कट्टरता, बढ़ती बेरोजगारी और आसमानता के खिलाफ कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही ‘‘भारत जोड़ो पदयात्रा’’ भाजपा और मोदी सरकार के लिए आठ ही दिनों में सिरदर्द बन गयी है।

उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाने वाली इस यात्रा के रास्‍तें में पड़ने वाले उत्तर प्रदेश की भूमिका को लेकर बीजेपी भ्रामक और झूठा प्रचार कर रही, जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस और हमारे नेता राहुल गांधी विकास परक और मुद्दे पर राजनीति करते हैं। जिन मुद्दों को लेकर यह यात्रा निकाली जा रही है, उनसे उत्तर प्रदेश की 26 करोड़ की आबादी अछूती नहीं है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस शनिवार से यूपी में ‘भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा’ की शुरूआत कर योगी सरकार से करेगी संकल्‍प पत्र के वादों को पूरा करने की मांग

विकास श्रीवास्तव ने आगे कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए तय किए गए रोड मैप में जिन प्रदेशों से यात्रा नहीं गुजर रही। वहां से सौ-सौ लोग इसमें शामिल होंगे। जिसके तहत उत्तर प्रदेश से भी 100 से ज्यादा लोग इस यात्रा में शामिल है।

जिसमें प्रमोद तिवारी राज्यसभा सदस्य पूर्व प्रदेश अजय कुमार लल्लू, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व युवक कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव, महिला कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव शमीना शफीक, अल्पसंख्यक कांग्रेस चेयरमैन शाहनवाज आलम, एक दर्जन से ज्यादा प्रदेश कांग्रेस के सचिव समेत उत्तर प्रदेश से जुड़े राष्ट्रीय छात्र संगठन और युवक कांग्रेस महिला कांग्रेस सेवा दल के सैकड़ों नेता यात्रा में अतिथि यात्री के रूप में पैदल चल रहें। वहीं दो दर्जन से ज्यादा लोग ‘‘भारत यात्री’’ के रूप में कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक पैदल जाएंगे। बेरोजगारी, महंगाई के खिलाफ देशभर के ‘‘शहर-गांव, पांव-पांव’’ चलकर भारत के संविधान और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनता के बीच जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने बताया कि 150 दिन की इस पदयात्रा में एक प्रदेश को कवर करने में कहीं 12 से 15 दिन लग रहा। देश के मात्र 12 प्रदेश और 2 केंद्र शासित राज्य ही कवर हो पा रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं कि यात्रा के मार्ग से छूटे जा रहे प्रदेश हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं है। कांग्रेस नेतृत्व ने यह रणनीति तय की है, जिन राज्यों से यात्रा नहीं गुजर रही है। उन राज्यों में ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के समानांतर प्रत्येक राज्य के समस्त जनपदों में स्थानीय जिला शहर अध्यक्ष और वहां के बड़े नेताओं पदाधिकारियों के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही।