भारत नहीं मोरोक्को का प्लेन हुआ था क्रैश, DGCA ने किया साफ

प्लेन क्रैश

आरयू वेब टीम। अफगानिस्तान जा रहा एक विमान उत्तर पूर्वी अफगानिस्तान के बदख्शां प्रांत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिसपर ये दावा किया गया था कि ये भारतीय विमान था। हालांकि, अब डीजीसीए और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने साफ किया है कि ये भारतीय विमान नहीं, बल्कि मोरक्को का प्लेन है। एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि अफगानिस्तान में हुए हादसे में मोरक्को का पंजीकृत डीएफ दस विमान शामिल था।

नागरिक उड्ड्यन मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘अफगानिस्तान में अभी जो दुर्भाग्यपूर्ण विमान दुर्घटना हुई है, वह न तो भारतीय अनुसूचित विमान है और न ही गैर-अनुसूचित (एनएसओपी)/चार्टर विमान है। ये मोरक्को में पंजीकृत छोटा विमान है।’ बयान में आगे कहा, ‘दुर्घटनाग्रस्त विमान मोरक्को में पंजीकृत डीएफ-दस (डसॉल्ट फाल्कन) छोटा विमान है। ये भारतीय वाहकों का विमान नहीं है। विमान एक एयर एम्बुलेंस था और थाईलैंड से मॉस्को के लिए उड़ान भर रहा था और गया हवाई अड्डे पर ईंधन भर रहा था।’

रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में रूसी विमानन अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि एक रूसी-पंजीकृत विमान, जिसमें छह लोगों के सवार होने की आशंका है, शनिवार शाम को अफगानिस्तान के ऊपर रडार स्क्रीन से गायब हो गया। विमान फ्रांस निर्मित डसॉल्ट फाल्कन दस जेट था। यह विमान एक चार्टर उड़ान थी जो भारत से उज्बेकिस्तान होते हुए मॉस्को जा रही थी।’

यह भी पढ़ें- IAF का ट्रेनर विमान क्रैश, हादसे में दो पायलट्स की मौत

गौरतलब है कि यह स्पष्टीकरण अफगानिस्तान से आई उन खबरों की पृष्ठभूमि में आया है कि दुर्घटना में एक भारतीय विमान शामिल था। बदख्शां में तालिबान के सूचना और संस्कृति प्रमुख ने घटना की पुष्टि की, जिसमें खुलासा किया गया कि यात्री विमान प्रांत के कुरान-मंजन और जिबक जिलों में फैले टॉपखाने पर्वत पर गिर गया। आधिकारिक सूत्रों ने हताहतों की संख्या या दुर्घटना के कारण के बारे में जानकारी नहीं दी है। बदख्शां में तालिबान के पुलिस कमांड ने आइएएनएस को बताया कि विमान एक रात पहले रडार से गायब हो गया था। यह तोपखाना इलाके के ऊंचे पहाड़ों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

यह भी पढ़ें-  पर्यटकों को ले जा रहा विमान ब्राजील में क्रैश, दोनों क्रू मेंबर समेत 14 की मौत