भारतीय नौसेना का हेलिकॉप्टर मुंबई तट के पास दुर्घटनाग्रस्त

आरयू वेब टीम। भारतीय नौसेना का एक एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर बुधवार को मुंबई तट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नौसेना के गश्ती जहाज ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया और चालक दल के तीन सदस्यों की सुरक्षित निकाल लिया। भारतीय नौसेना ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

नौसेना प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने मीडिया को बताया कि भारतीय नौसेना का एक उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर (एएलएच) बुधवार सुबह मुंबई तट के करीब खाई में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। तत्काल खोज और बचाव से सभी को सुरक्षित बचाया गया।

अधिकारियों ने कहा कि अरब सागर के ऊपर उड़ान भरने के दौरान हेलीकॉप्टर की अचानक बिजली गुल हो गई। इसी के कारण पायलट कंट्रोल नहीं कर पाया और अचानक गिर गया। हालांकि, हेलीकॉप्टर ने अपने इमरजेंसी फ्लोटेशन गियर को तैनात कर दिया था। जिससे हेलीकॉप्टर के चालक दल के तीन सदस्यों को नौसेना के एक गश्ती जहाज ने सुरक्षित खोज लिया है। सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें- सेना का चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, एक पायलट की मौत, दूसरा भर्ती

इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में सेना का उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर अरुणाचल प्रदेश में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हेलीकॉप्टर में सवार सभी पांच कर्मियों की मौत हो गई थी। एहतियात के तौर पर देश की तीनों सेनाओं में सेवा दे रहे सभी एएलएच सुरक्षा जांच के लिए ग्राउंड किए गए थे, जिनकी संख्या करीब 300 से अधिक है।

यह भी पढ़ें- अरुणाचल प्रदेश हेलीकॉप्टर क्रैश में पांचों जवानों के शव बरामद