बिजली के बढ़े दाम, मंहगाई व महिला अपराध के विरोध में विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार

कांग्रेसी गिरफ्तार
प्रदर्शनकारियों को रोकती पुलिस।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। योगी सरकार की नीतियों के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया। आज बिजली के बढ़े दाम, मंहगाई व महिला सुरक्षा, धान खरीद में भ्रष्टाचार व अन्‍य मुद्दों को लेकर परिवर्तन चौक से मार्च निकालकर विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेस के नेता व लगभग तीन दर्जन कार्यकर्ताओं को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्‍व कर रहे लखनऊ महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, प्रदेश कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव, एनएसयूआइ के अध्यक्ष अनस रहमान, चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, प्रदीप कनौजिया, नरेन्द्र गौतम, विनोद यादव, इस्लाम अली, विकास सक्सेना, अयूब सिद्दीकी, शाहिद अली, संजय श्रीवास्तव, रामपाल यादव, ज्ञान प्रकाश राय, नदीम अहमद, प्रवीण सेंगर, परवीन खान, शमीम कुरैशी, मसूद अहमद, संदीप पाल, मुर्शरफ इमाम सहित 25 कांग्रेसजनों को जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने सीएम योगी से पूछा, करोड़ों रुपए खर्च कराया था इन्‍वेस्‍टर समिट, कितनों को मिला इससे रोजगार

वहीं ईको गार्डेन पहुंचायीं गयीं महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ममता चौधरी एवं प्रतिभा अटल पाल, सुशीला शर्मा, उरूसा राना, माया चौबे, विभा त्रिपाठी, लता दुबे, शबनम आदिल, किरन भंडारी व अन्‍य कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रिहा कर दिया।

योगी सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आयी

गुरुवार देर शाम अपने एक बयान में कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने पर योगी सरकार पर हमला बोला है। लल्‍लू ने कहा है कि योगी सरकार का यह कदम पूरी तरह अलोकतांत्रिक एवं तानाशाहीपूर्ण रवैये को दर्शाता है। उन्होने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि योगी सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आयी है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों, किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस आवाज उठाती रही है और उठाती रहेगी। उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

मुख्यमंत्री महिला सुरक्षा के नाम करोड़ों का विज्ञापन खर्च कर…

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि योगी सरकार विपक्ष की आवाज को पुलिस की लाठी और गोली के दम पर दबाना चाहती है। पूरे प्रदेश में अराजकता है। अपराधी आज बेलगाम हैं। महिलाओं की सुरक्षा ताक पर है। मुख्यमंत्री महिला सुरक्षा के नाम करोड़ों का विज्ञापन खर्च कर मिशन शक्ति की शुरूआत की, किन्तु प्रदेश में महिलाओं पर होने वाले अपराधों में बाढ़ आयी हुई है। प्रदेश सरकार के मंत्री और मुखिया पीड़िता के बजाए आरोपितों के पक्ष में खडे हैं और बयानबाजी कर रहे हैं जिससे रेप के आरोपितों के हौसले बुलंद हैं। किसान क्रय केन्द्रों पर व्यापक भ्रष्टाचार व्याप्त है। मंहगाई से आम जनता त्रस्त है और योगी सरकार सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रह गई है।

यह भी पढ़ें- AAP की मांग, बिजली मीटर के जरिए लूटी गयी जनता की कमाई ब्‍याज समेत लौटाए योगी सरकार, दोषी अफसरों पर भी दर्ज हो FIR